कोलकाता में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव
कोलकाता, शनिवार, 03 अगस्त 2024। पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके पड़ोसी जिलों में शनिवार को लगातार बारिश के कारण कोलकाता के कई इलाकों में जलभराव हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पड़ोसी शहरों हावड़ा, साल्ट लेक और बैरकपुर में भी यही स्थिति रही। मौसम विभाग ने बताया कि दिनभर स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। पुलिस के अनुसार, कोलकाता के मध्य और दक्षिण के कुछ हिस्सों में भी जलभराव हो गया, हालांकि वहां यातायात बाधित नहीं हुआ है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर से अब तक सात सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र पर बना निम्न दबाव सघन ‘अवदाब’ में बदल गया है। यह धीरे-धीरे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में सक्रिय मानसून के कारण बारिश हुई है।” अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व बर्धमान, हुगली, नादिया तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में अगले 12 घंटों तक बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बिजली गिरने के साथ-साथ तूफान आने की भी चेतावनी दी है।
कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय जिलों में भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के पुरुलिया, मुर्शिदाबाद, मालदा, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में तेज बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। अलीपुरद्वार जिले के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है, जहां 20 सेमी तक बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था।
Similar Post
-
भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल
श्रीनगर, रविवार, 02 अगस्त 2026। जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनो ...
-
राष्ट्रपति मुर्मू तीन से पांच अगस्त तक ओडिशा का दौरा करेंगी
नई दिल्ली, रविवार, 02 अगस्त 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन ...
-
केजरीवाल ने ई20 और शुद्ध पेट्रोल के बीच विकल्प की मांग की; प्रधानमंत्री आवास मार्च का ऐलान
नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्री ...
