मुख्यमंत्री यादव के पिता पूनमचंद यादव की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन
उज्जैन, बुधवार, 04 सितम्बर 2024। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पिता श्री पूनमचंद यादव का आज यहां पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। यादव का कल रात यहां देहांत हो गया था। उनका अंतिम संस्कार क्षिप्रा नदी के तट पर भूखीमाता मंदिर के पास हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान स्वर्गीय यादव का पूरा परिवार उपस्थित रहा। उनके परिवार में तीन पुत्र श्री नंदू यादव, श्री नारायण यादव और डॉ. मोहन यादव के अलावा दो पुत्रियां श्रीमती कलावती यादव और शांति देवी हैं। वे अपने परिवार में पुत्र-पुत्रियों, नाती-पोतों, परनाती, प्रपौत्र सहित भरापूरा परिवार छोड़कर देवलोक गमन कर गये।
इसके पहले श्री यादव की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके निज निवास गीता कॉलोनी, अब्दालपुरा में रखा गया। यहां केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके अंतिम दर्शन किए और श्री यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहीं से उनकी अंतिम यात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव के साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पार्थिव देह को फूलों से सजे ट्रक में मुक्तिधाम पहुंचाया गया। इस दौरान उज्जैन की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। समूचे मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर दिवंगत श्री यादव को श्रद्धांजलि दी।
Similar Post
-
माकपा नेता ने केजरीवाल से मुलाकात में ईसी विवाद, विजयन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर चर्चा की
नई दिल्ली, रविवार, 27 सितंबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार् ...
-
पश्चिम मेदिनीपुर में बिजली के करंट से तीन हाथियों की मौत
कोलकाता, रविवार, 27 सितंबर 2026। बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर जिल ...
-
केरलम में सरकारी विभाग की वेबसाइट हैक, संदिग्ध पाकिस्तानी समूह ने ली जिम्मेदारी
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 27 सितंबर 2026। केरलम सरकार के सामान्य प् ...
