चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था, आप नेतृत्व को इस बारे में बता दिया था: अनमोल गगन मान
चंडीगढ़, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। पंजाब की खरड़ सीट से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अनमोल गगन मान ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसले के बारे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पहले ही बता दिया था। इससे एक दिन पहले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी आप के उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। आप ने बृहस्पतिवार को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी, जिसमें पार्टी ने खरड़ सीट से अपने 'हलका प्रभारी' परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया है। अनमोल ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरी चुप्पी के कारण चुनाव नहीं लड़ने के मेरे फैसले को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। मैं केवल एक बात बताना चाहती हूं। पांच अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे दिल्ली में मैंने अरविंद केजरीवाल को बता दिया था कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तीन दिन पहले अरविंद जी का फोन भी आया था। उन्होंने पूछा था कि क्या यह आपका अंतिम फैसला है कि आप चुनाव नहीं लड़ेंगी? मैंने उन्हें फिर अपने इसी फैसले के बारे में बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि मुझे लोगों को बता देना चाहिए कि पार्टी ने मेरा टिकट नहीं काटा है और यह पूरी तरह मेरा निजी फैसला है।’’ अनमोल ने पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे पता है कि मेरे इस फैसले से अरविंद सर खुश नहीं थे। हालांकि, यह मेरा अपना फैसला है। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं।’’ गायिका से नेता बनीं अनमोल जुलाई 2022 में भगवंत मान सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री बनी थीं। हालांकि, मुख्यमंत्री ने सितंबर 2024 में अनमोल समेत चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा दिया था। अनमोल को इससे पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र में सड़क और सीवरेज की समस्याओं को लेकर कई बार लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा था।
Similar Post
-
चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था, आप नेतृत्व को इस बारे में बता दिया था: अनमोल गगन मान
चंडीगढ़, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। पंजाब की खरड़ सीट से आम आदमी प ...
-
दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले से पहले जारी किया परामर्श
नई दिल्ली, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। दिल्ली यातायात पुलिस ने भा ...
-
आंदोलनरत छात्रों का तथ्यान्वेषण समिति गठित करना अनधिकृत, इसका उद्देश्य तनाव भड़काना: एसआरएफटीआई
कोलकाता, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविज ...
