भाजपा के आरोप झूठे, तुषार गोयल को अक्टूबर, 2022 में ही निष्कासित कर दिया गया था: युवा कांग्रेस
नई दिल्ली, गुरुवार, 03 अक्टूबर 2024। भारतीय युवा कांग्रेस ने 5,600 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ की जब्ती के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों को निराधार एवं झूठा करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि सत्तारूढ़ दल ने जिस मुख्य आरोपी तुषार गोयल का जिक्र किया है, उसे 17 अक्टूबर, 2022 को ही संगठन से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था। युवा कांग्रेस ने एक बयान जारी कर भाजपा के आरोपों का खंडन करने के साथ ही गोयल के निष्कासन के पत्र की एक प्रति भी साझा की। संगठन ने दावा किया कि ये आरोप हरियाणा विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने का भाजपा का कुत्सित प्रयास है। कांग्रेस की युवा इकाई ने कहा, ‘‘हम सुधांशु त्रिवेदी द्वारा लगाए गए निराधार आरोपों की निंदा करते हैं। उन्होंने झूठा दावा किया कि दिल्ली में 5,600 करोड़ रुपये के ड्रग भंडाफोड़ का कथित सरगना तुषार गोयल दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का अध्यक्ष है।’’
युवा कांग्रेस ने कहा कि तुषार गोयल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 17 अक्टूबर, 2022 को संगठन से निष्कासित कर दिया गया था और तब से वह किसी भी तरह हमारे साथ नहीं है।’’ उसने कुछ खबरों का हवाला देते हुए दावा किया, ‘‘तुषार गोयल ने खुद पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह 2021-22 में दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल का पूर्व अध्यक्ष था, लेकिन बाद में उसने संगठन छोड़ दिया। यह स्पष्ट है कि भाजपा गलत जानकारी का उपयोग करके कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।’’ युवा कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को आधी-अधूरी राजनीतिक कहानियां गढ़ने के बजाय दिल्ली पुलिस पर भरोसा करना चाहिए।
उसने कहा, ‘‘हम दिल्ली पुलिस से आग्रह करते हैं कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, न कि इस मामले को एक दुर्भावनापूर्ण राजनीतिक अभियान बनने दिया जाए।’’ इससे पहले, भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि यहां 5,600 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ की जब्ती के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गोयल भारतीय युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष है। त्रिवेदी ने देश को बर्बाद करने में शामिल मादक पदार्थ तस्करों से कथित संबंधों को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और मुख्य विपक्षी पार्टी से स्पष्टीकरण मांगा।
Similar Post
-
मैं और सिद्धरमैया नेतृत्व मुद्दे पर आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे : शिवकुमार
बेंगलुरु, रविवार, 26 अप्रैल 2026। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.क ...
-
तेलंगाना में चारमीनार एक्सप्रेस को डिब्बे के पहिये से धुआं निकलने के बाद रोका गया
हैदराबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। चारमीनार एक्सप्रेस के एक डिब् ...
-
अहमदाबाद में प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगी
अहमदाबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। गुजरात के अहमदाबाद में रविवार ...
