बंगला विवाद: ‘आप’ ने आतिशी की कार्टन के बीच काम करते हुए तस्वीरें साझा कीं, भाजपा पर निशाना साधा
नई दिल्ली, गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024। आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को कुछ तस्वीरें साझा कर दावा किया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी अपने कालकाजी स्थित आवास पर सामान के कार्टन के बीच फाइलों पर दस्तखत कर रही हैं। इससे एक दिन पहले पार्टी ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय राजधानी के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को ‘जबरन खाली’ कराया गया है। rसोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए ‘आप’ नेता संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाने पर लिया और कहा कि वह दिल्ली के लोगों के लिए काम करने के आतिशी के जज़्बे को नहीं छीन सकती। उन्होंने भाजपा पर नवरात्रि में एक महिला मुख्यमंत्री का सामान उनके ‘घर’ से फिंकवाने का भी आरोप लगाया।
सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा पर “मुख्यमंत्री आवास” पर “जबरन कब्जा करने” का प्रयास करने का आरोप लगाया। राज्यसभा सदस्य ने कहा, “ यह एक चुनी हुई महिला मुख्यमंत्री और दिल्ली की जनता का घोर अपमान है। 27 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर रहने वाली पार्टी मुख्यमंत्री के घर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रही है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपराज्यपाल वी.के सक्सेना के कहने पर आतिशी का सामान बंगले से हटा दिया गया। दक्षिण दिल्ली में अपने विधानसभा क्षेत्र कालकाजी में रहने वाली आतिशी को पिछले साल तत्कालीन अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद मथुरा रोड पर एबी-17 बंगला आवंटित किया गया था। फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले को लेकर ‘आप’, भाजपा, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
‘आप’ ने दावा किया है कि यह बंगला मुख्यमंत्री का आवास है, जिसे केजरीवाल ने विधिवत खाली कर दिया था और बाद में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने इसकी चाबियां मुख्यमंत्री आतिशी को सौंप दी थीं। दूसरी ओर, उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने दावा किया है कि फ्लैगस्टाफ रोड वाला बंगला मुख्यमंत्री का निर्धारित आवास नहीं है और यह अब तक आतिशी को आवंटित नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नए आवंटन के लिए बंगले के अंदर रखी वस्तुओं की सूची तैयार करने के बाद इसे मुख्यमंत्री को सौंप दिया जाएगा। भाजपा ने ‘आप’ और केजरीवाल पर आरोप लगाया है कि वे बंगले को उचित तरीके से सौंपे बिना और नए आवंटन के बिना आतिशी को वहां लाकर ‘अवैध रूप से कब्जा’ करने की कोशिश कर रहे हैं।
Similar Post
-
कांग्रेस डूबता जहाज नहीं, पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए अलग हुए नेताओं को फिर एकजुट होना चाहिए: राउत
पुणे, शनिवार, 13 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिव ...
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तलाशी, तृणमूल ने 'राजनीतिक प्रतिशोध' का आरोप लगाया
कोलकाता, शनिवार, 13 जून 2026। पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय बल ...
-
निर्मला सीतारमण ने उडुपी के श्रीकृष्ण मठ में पूजा-अर्चना की
उडुपी (कर्नाटक), शनिवार, 13 जून 2026। केंद्रीय वित्त मंत्री निर् ...
