मैराथन के कारण मध्य दिल्ली में मंगलवार को यातायात प्रभावित रहेगा
नई दिल्ली, रविवार, 27 अक्टूबर 2024। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर मंगलवार को मध्य दिल्ली में मैराथन के कारण यातायात प्रभावित रहेगा। एक परामर्श में यह जानकारी दी गई है। परामर्श के अनुसार, मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुरू होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन में लगभग 7,700 लोग हिस्सा लेंगे। परामर्श में कहा गया है कि वाहन चालकों को सूचित किया जाता है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के उत्सव के हिस्से के रूप में मंगलवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम के गेट संख्या एक से ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस मैराथन में करीब 7,700 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
परामर्श के मुताबिक, प्रतिभागी बस और कार से मैराथन स्थल पर पहुंचेंगे, इसलिए सुबह छह बजकर 45 मिनट से लेकर मैराथन के पूरा होने तक इंडिया गेट, सी-हेक्सागन की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। परामर्श में बताया गया है कि मैराथन गेट संख्या एक से शुरू होगी और मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, सी-हेक्सागन, शाहजहां रोड के सामने से होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा पर समाप्त होगी। परामर्श के अनुसार, तिलक मार्ग-भगवानदास रोड चौराहे, पुराना किला रोड-मथुरा रोड चौराहे, शेरशाह रोड-मथुरा रोड चौराहे, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग-सुब्रमण्यम भारती मार्ग चौराहे, क्यू-प्वाइंट, राउंडअबाउट मानसिंह रोड, राउंडअबाउट जसवंत सिंह रोड, केजी मार्ग-फिरोजशाह रोड चौराहे और मंडी हाउस गोल चक्कर से यातायात मार्ग में बदलाव किया जाएगा।
Similar Post
-
केजरीवाल ने ई20 और शुद्ध पेट्रोल के बीच विकल्प की मांग की; प्रधानमंत्री आवास मार्च का ऐलान
नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्री ...
-
कुलगाम आतंकवादी हमला: उमर ने मारे गए मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का किया एलान
श्रीनगर, शनिवार, 01 अगस्त 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर ...
-
भाजपा का अहंकार ही उसकी सरकार गिराएगा : अखिलेश
लखनऊ, शनिवार, 01 अगस्त 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिले ...
