बंगाल उपचुनाव दोपहर एक बजे तक 45 प्रतिशत से अधिक मतदान, टीएमसी नेता की हत्या
कोलकाता, बुधवार, 13 नवंबर 2024। पश्चिम बंगाल में छह विधानसभा सीटों पर बुधवार को हो रहे उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक अनुमानित 45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयाग किया और इसी बीच उत्तर 24 परगना के भाटपारा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ब्लॉक स्तर के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। टीएमसी नेता एवं भाटपारा के 12 वार्ड ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष अशोक शॉ की आज सुबह तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने श्री शॉ को उस समय नजदीक से गोली मारी और बम फेंके जब वह एक चाय की दुकान पर बैठे थे। शॉ के भाई ने संवाददाताओं को बताया कि गोली लगने के बाद उन्हें भाटपारा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया और फिर बैरकपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक अशोक राजोरिया ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और इलाके में शांति बहाल करने के लिए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। टीएमसी समर्थकों ने जगतदल पुलिस स्टेशन पर भी विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर बैरकपुर क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र, खासकर भाटपारा में अपराध को रोकने में कथित विफलता का आरोप लगाया। यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे नैहाटी विधानसभा क्षेत्र के करीब हुई जहां उपचुनाव चल रहा था। चुनाव अधिकारियों ने आज सुबह गोलीबारी और देशी बम फेंके जाने के मद्देनजर अधिकारियों को इलाके में नजर रखने का निर्देश दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से एक बिना फटा कंटेनर बम बरामद किया गया है। बम को डिफ्यूज करने के लिए बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। सत्तर साल के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ युवक उनके पास पहुंचे और तमंचे से गोली चला दी, जिसमें से एक युवक वहीं गिर गया। इस प्रत्यक्षदर्शी को भी छर्रे लगे हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों ने बम भी फेंके जिसमें वह घायल हो गये। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि छह विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर एक बजे तक लगभग 45.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Similar Post
-
केजरीवाल ने ई20 और शुद्ध पेट्रोल के बीच विकल्प की मांग की; प्रधानमंत्री आवास मार्च का ऐलान
नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्री ...
-
कुलगाम आतंकवादी हमला: उमर ने मारे गए मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का किया एलान
श्रीनगर, शनिवार, 01 अगस्त 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर ...
-
भाजपा का अहंकार ही उसकी सरकार गिराएगा : अखिलेश
लखनऊ, शनिवार, 01 अगस्त 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिले ...
