मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद के लिए न्यायमूर्ति कृष्णकुमार के नाम की सिफारिश
नई दिल्ली, सोमवार, 18 नवंबर 2024। उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने वर्तमान में मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति डी कृष्णकुमार को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सोमवार को सिफारिश की। भारत के प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता और न्यायमूर्ति बी आर गवई एवं न्यायमूर्ति सूर्यकांत की सदस्यता वाले कॉलेजियम ने सोमवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया।
कॉलेजियम ने बताया कि 21 नवंबर, 2024 को न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल की सेवानिवृत्ति के परिणामस्वरूप मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होगा इसलिए यह नियुक्ति की जानी आवश्यक है। उसने कहा, ‘‘वर्तमान में मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति डी कृष्णकुमार को उस तिथि से मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा जाता है, जब मौजूदा मुख्य न्यायाधीश सेवानिवृत्त होने के बाद पद छोड़ेंगे।’’ कॉलेजियम ने कहा, ‘‘न्यायमूर्ति डी. कृष्णकुमार को सात अप्रैल 2016 को मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और वह 21 मई 2025 को सेवानिवृत्त होंगे।’’
उसने कहा, ‘‘वह (न्यायमूर्ति कृष्णकुमार) अपने मूल उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं और पिछड़े समुदाय से संबंध रखते हैं। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत होने से पहले उन्होंने उच्च न्यायालय में दीवानी, संवैधानिक और सेवा मामलों में लंबे समय तक वकालत की और संवैधानिक कानून में उनकी विशेषज्ञता है।’’ कॉलेजियम ने कहा कि न्यायमूर्ति कृष्णकुमार मजबूत कानूनी मामलों में दक्ष एक सक्षम न्यायाधीश हैं और अत्यधिक सत्यनिष्ठ और ईमानदार हैं।
उसने कहा, ‘‘न्यायमूर्ति डी. कृष्णकुमार के नाम की सिफारिश करते समय, कॉलेजियम ने इस तथ्य को भी ध्यान में रखा है कि वर्तमान में उच्च न्यायालयों के प्रधान न्यायाधीशों में मद्रास उच्च न्यायालय से केवल एक मुख्य न्यायाधीश हैं। उसने कहा, ‘‘सभी प्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखते हुए कॉलेजियम का मानना है कि न्यायमूर्ति डी. कृष्णकुमार मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए सभी प्रकार से उपयुक्त हैं।’’ कॉलेजियम ने कहा, ‘‘इसलिए, कॉलेजियम यह सिफारिश करता है कि 21 नवंबर 2024 को न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल की सेवानिवृत्ति के बाद न्यायमूर्ति डी कृष्णकुमार को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया जाए।’’
Similar Post
-
कांग्रेस डूबता जहाज नहीं, पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए अलग हुए नेताओं को फिर एकजुट होना चाहिए: राउत
पुणे, शनिवार, 13 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिव ...
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तलाशी, तृणमूल ने 'राजनीतिक प्रतिशोध' का आरोप लगाया
कोलकाता, शनिवार, 13 जून 2026। पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय बल ...
-
निर्मला सीतारमण ने उडुपी के श्रीकृष्ण मठ में पूजा-अर्चना की
उडुपी (कर्नाटक), शनिवार, 13 जून 2026। केंद्रीय वित्त मंत्री निर् ...
