तमिलनाडु के इरोड में हाथी ने किसान को कुचलकर मार डाला
इरोड, सोमवार, 18 नवंबर 2024। तमिलनाडु के इरोड जिले में सत्यमंगलम बाघ अभयारण्य (एसटीआर) में एक जंगली हाथी ने 55 वर्षीय एक किसान को कुचलकर मार डाला। वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान मारन के रूप में हुई है, जो गुथियालाथुर जंगल के पास बैरामरथोटी गांव का निवासी था।अधिकारियों के मुताबिक, मारन अपने खेतों में मक्के की खेती करता था। उन्होंने बताया कि फसल को जंगली जानवरों, खासतौर पर जंगली सूअर और हाथियों से बचाने के लिए मारन अक्सर रात में अपने खेत पर ही रुकता था। अधिकारियों के अनुसार, रविवार रात लगभग 10.45 बजे एक जंगली हाथी मारन के खेत में घुसा। उन्होंने बताया कि मारन ने हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन उसने मारन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद हाथी इलाके से भाग गया। उन्होंने बताया कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मारन का शव पाया। उन्होंने वन अधिकारियों और कदंबूर पुलिस को घटना की सूचना दी। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और वन कर्मियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और मारन के शव को पोस्टमार्टम के लिए सत्यमंगलम के सरकारी अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि वन अधिकारियों और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्राधिकारियों ने किसानों से हाथियों के आतंक वाले क्षेत्रों में फसलों की रखवाली करते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया है।
Similar Post
-
ममता बनर्जी की मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करने के मामले में 3 डॉक्टरों को भेजा गया नोटिस
कोलकाता, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमं ...
-
बिहार विधान परिषद चुनाव में नीरज का समर्थन नहीं करेंगे अनंत सिंह : ललन
पटना, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ...
-
अहमदाबाद मैराथन विश्व एथलेटिक्स के वैश्विक कैलेंडर में शामिल
अहमदाबाद, सोमवार, 05 अक्टूबर 2026। अदाणी अहमदाबाद मैराथन को 29 नव ...
