अहमदाबाद विमान दुर्घटना: पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी का शव परिजनों को सौंपा गया
अहमदाबाद, सोमवार, 16 जून 2025। अहमदाबाद में पिछले सप्ताह एअर इंडिया विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का शव सोमवार को यहां सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने उनके परिजनों को सौंप दिया। सोमवार शाम को अंतिम यात्रा के बाद रूपाणी का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर राजकोट में किया जाएगा। अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे 68 वर्षीय रूपाणी ने कोविड-19 के बाद के महत्वपूर्ण दौर में राज्य का नेतृत्व किया था। रूपाणी, लंदन जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जो 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान में सवार लोगों में से 241 की मौत हो गई। केवल एक यात्री ही बच पाया। इसके अलावा इस त्रासदी में जमीन पर 29 लोगों की मौत हो गई जिसमें एमबीबीएस के पांच छात्र भी शामिल हैं।
चूंकि रूपाणी का शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी, इसलिए रविवार को शव की पहचान उनके रिश्तेदारों के डीएनए नमूनों से मिलान के बाद की गई। शहर के सिविल अस्पताल में सोमवार को जब रूपाणी का शव उनके परिजनों को सौंपा गया तो उस समय उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य मंत्री भी मौजूद थे। रूपाणी के पार्थिव शरीर को राजकोट ले जाया जाएगा। आम लोगों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के लिए रूपाणी के शव को एक घंटे तक उनके घर पर रखा जाएगा। शाम को अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। रूपाणी को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के उनके घर पहुंचने की संभावना है।
Similar Post
-
केरलम: माकपा, कॉजपा ने प्रदर्शनकारी एलपीएसटी रैंक धारकों का समर्थन किया
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट ...
-
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से मुलाकात की
श्रीनगर, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआ ...
-
सतर्कता ब्यूरो ने सीईसी ज्ञानेश कुमार से जुड़े सड़क परियोजना मामले में एक और गवाह का बयान दर्ज किया
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज ...
