अरुणाचल प्रदेश : आईएमडी ने छह से नौ सितंबर तक कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की
ईटानगर, शुक्रवार, 05 सितंबर 2025। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में छह से नौ सितंबर के बीच मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गरज के साथ छींटे पड़ने का भी अनुमान है। ईटानगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी जिलावार पूर्वानुमान के अनुसार, विशेष रूप से पश्चिमी कामेंग, पूर्वी कामेंग, कुरुंग कुमे, क्रा दादी, लोअर सुबनसिरी, पापुम पारे और लोहित व नामसाई के कुछ हिस्सों में शनिवार को छिटपुट से लेकर भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर के इस राज्य के कुछ स्थानों पर दिन के समय गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी कामेंग, लोअर सुबनसिरी, पश्चिम सियांग, सियांग और लोअर दिबांग घाटी सहित पश्चिमी व मध्य जिलों में सात सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने इन जिलों को ‘येलो वॉच’ में रखा है और निवासियों को बदलते मौसम की स्थिति के बारे में जागरुक रहने की सलाह दी है।
विभाग के मुताबिक, आठ सितंबर को भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है और तवांग, पश्चिम कामेंग, पूर्वी कामेंग, पापुम पारे, लोअर सुबनसिरी व लोंगडिंग में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि नौ सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है लेकिन इसकी तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है हालांकि पूर्वी कामेंग, लोंगडिंग और तिराप जैसे जिले मौसम विभाग की निगरानी में रहेंगे। अधिकारियों ने आगाह किया कि भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव और सड़कें अवरुद्ध हो सकती हैं। अधिकारियों ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने और जिला प्रशासन की सलाह का पालन करने का आग्रह किया है।
Similar Post
-
जम्मू कश्मीर विधानसभा में विरोध प्रदर्शन कर रहे चार विधायकों को सदन से बाहर निकाला गया
श्रीनगर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। जम्मू कश्मीर विधानसभा में मुख् ...
-
जम्मू-कश्मीर में वाहन नदी में गिरा, चार लोगों की मौत
श्रीनगर, सोमवार, 29 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले ...
-
असम में दो करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार
गुवाहाटी, सोमवार, 29 सितंबर 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश् ...
