झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश, उफनते नाले में महिला बही
रांची/दुमका, गुरुवार, 02 अक्टूबर 2025। झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच दुमका जिले में 50 वर्षीय एक महिला उफनते नाले में बह गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने चार अक्टूबर तक गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों के लिए ‘ऑरेंज चेतावनी’ (तैयार रहें) और लातेहार, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद के लिए ‘येलो चेतावनी’ (सावधान रहें) जारी की है। कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, दुमका और रांची जैसे कई जिलों में बुधवार को भारी बारिश हुई। दशहरा उत्सव के दौरान बृहस्पतिवार को राज्य की राजधानी और कई अन्य इलाकों में बारिश जारी रही।
दुमका शहर के गिलानपाड़ा इलाके में एक महिला बुधवार रात नाले में बह गई। उसकी पहचान सावित्री देवी के रूप में की गई है। टाउन पुलिस थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि घुटनों तक भरे पानी में चलने समय महिला अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर एक नाले में फिसल कर बह गई। उन्होंने बताया कि महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आईएमडी ने बताया कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा, ‘दो अक्टूबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य में कल ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर चार अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है।’ इसके अलावा, छह अक्टूबर तक राज्य भर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। आईएमडी द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, तीन अक्टूबर तक लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़ और धनबाद के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा कि अगले तीन दिन में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
Similar Post
-
माकपा नेता ने केजरीवाल से मुलाकात में ईसी विवाद, विजयन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पर चर्चा की
नई दिल्ली, रविवार, 27 सितंबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार् ...
-
पश्चिम मेदिनीपुर में बिजली के करंट से तीन हाथियों की मौत
कोलकाता, रविवार, 27 सितंबर 2026। बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर जिल ...
-
केरलम में सरकारी विभाग की वेबसाइट हैक, संदिग्ध पाकिस्तानी समूह ने ली जिम्मेदारी
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 27 सितंबर 2026। केरलम सरकार के सामान्य प् ...
