गैंगस्टर से आतंकी बने दो लोगों को गिरफ्तार किया गया: पंजाब के डीजीपी
चंडीगढ़, सोमवार, 15 दिसंबर 2025। गैंगस्टर से आतंकी बने दो लोगों को केंद्रीय एजेंसियों की सहायता से चलाए गए अंतरराज्यीय अभियान में मुंबई में गिरफ्तार किया गया। दोनों विदेश से अपनी गतिविधियां संचालित करते थे और पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि साजन मसीह और मनीष बेदी आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा और गैंगस्टर हैप्पी पासियन के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। रिंदा पाकिस्तान में है जबकि पासियान अमेरिका में हिरासत में है।
डीजीपी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा "आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में गैंगस्टर से आतंकी बने दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। वे दुबई और आर्मेनिया सहित विदेश से अपनी गतिविधियों का संचालन करते थे और पंजाब में आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास कर रहे थे।" वीडियो संदेश में और जानकारी देते हुए डीजीपी ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से चलाए गए खुफिया और अंतरराज्यीय अभियान में मसीह और बेदी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मसीह गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक का रहने वाला है, जबकि बेदी अमृतसर का निवासी है। डीजीपी ने कहा कि दोनों दुबई से आर्मेनिया चले गए थे और उन्होंने कुछ अन्य देशों में भी अपना ठिकाना बनाया था।
उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, "दोनों पाकिस्तान स्थित और आईएसआई समर्थित (पाकिस्तान स्थित आतंकवादी) हरविंदर सिंह रिंदा और अमेरिका में हिरासत में लिए गए (गैंगस्टर) हैप्पी पासियन के महत्वपूर्ण सहयोगी थे। हत्याओं, जबरन वसूली, डेरा बाबा नानक, बटाला में हुए हमलों और अमृतसर में हुए ग्रेनेड हमलों सहित कई अपराधों में इनकी संलिप्तता रही है।" उन्होंने दोनों की गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता बताया। अप्रैल में, पासियान (29) को एफबीआई और अमेरिकी आव्रजन विभाग के प्रवर्तन और निष्कासन अभियान (ईआरओ) द्वारा अमेरिका के सैक्रामेंटो में गिरफ्तार किया गया था। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस बेदी और मसीह के सहयोगी शमशेर उर्फ शेरा के खिलाफ भी शिकंजा कस रही है, जो आर्मेनिया में रहकर आतंकी गतिविधियों का समन्वय कर रहा है।
Similar Post
-
अक्षय तृतीया पर मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
मथुरा (उप्र), सोमवार, 20 अप्रैल 2026। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मंद ...
-
भारत, दक्षिण कोरिया का आर्थिक समझौते पर बातचीत शुरू करने का फैसला
नई दिल्ली, सोमवार, 20 अप्रैल 2026। भारत और दक्षिण कोरिया ने वैश् ...
-
जदयू विधायक दल के नेता का चयन करने की जिम्मेदारी नीतीश कुमार को सौंपी गई
पटना, सोमवार, 20 अप्रैल 2026। जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) विधायक दल क ...
