आवारा कुत्तों से जुड़े मामलों में विद्यालय शिक्षकों की कोई भूमिका नहीं: दिल्ली शिक्षा मंत्री
नई दिल्ली, मंगलवार, 30 दिसंबर 2025। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को उन दावों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि शिक्षकों को उनके शैक्षिणक संस्थानों के आस-पास आवारा कुत्तों से जुड़े मामलों को संभालने के लिए लगाया गया है। सूद ने कहा कि आवारा कुत्तों से संबंधित मामलों में विद्यालय शिक्षकों को कोई विशेष भूमिका नहीं दी गई है। सूद ने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, ‘‘आम आदमी पार्टी के नेता सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैला रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि शिक्षकों को उनकी शैक्षणिक जिम्मेदारियों से हटाकर गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है।’’ मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश या परिपत्र जारी नहीं किया गया है। उन्होंने आप को चुनौती दी कि यदि कोई आधिकारिक दस्तावेज है तो उसे सार्वजनिक करे।
शिक्षा निदेशालय ने राजधानी के विद्यालयों को उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उनके शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास आवारा कुत्तों से जुड़े मामलों को संभालने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया है, लेकिन शिक्षकों को कोई विशेष जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। निदेशालय ने सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया, ‘‘शिक्षकों को विशेष कार्य सौंपने के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।’’ शिक्षा मंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। सूद ने कहा कि हाल के दिनों में आप द्वारा कई बार इस तरह के आरोप लगाए गए हैं, जिनमें प्रशासनिक कार्रवाईयों और विद्यालय संबंधी निर्देशों से जुड़े दावे शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने ‘‘असत्य’’ बताया।
Similar Post
-
उप्र विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा
लखनऊ, मंगलवार, 30 जून 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी ...
-
कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं
दावणगेरे (कर्नाटक), मंगलवार, 30 जून 2026। दावणगेरे के चिगतेरी जि ...
-
त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, मंगलवार, 30 जून 2026। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष न ...
