सीजेआई ने उत्तर प्रदेश में छह जिलों के एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास किया
चंदौली (उप्र), शनिवार, 17 जनवरी 2026। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस एवं औरैया के एकीकृत न्यायालय परिसरों का शनिवार को शिलान्यास किया। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने इस मौके पर कहा कि उत्तर प्रदेश में स्थापित होने वाले ये छह एकीकृत न्यायालय परिसर पूरे देश के लिए एक उदाहरण एवं मानक स्थापित करेंगे। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने यहां चंदौली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस एवं औरैया जिलों के एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास (भूमि पूजन) किया।
सीजेआई सूर्यकांत ने शिलान्यास करने से पहले अपने संबोधन में कहा, ‘‘एक बार जब ये (एकीकृत न्यायालय परिसर) बन जाएंगे, तो मुझे लगता है कि उत्तर प्रदेश पूरे भारत के लिए एक उदाहरण स्थापित करेगा। ये परिसर पूरे देश के लिए एक मानक बनेंगे।’’ प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैं जिस भी राज्य में जाऊंगा, गर्व और खुशी के साथ उत्तर प्रदेश का उदाहरण दूंगा। मैं संबंधित राज्य सरकार और उच्च न्यायालय से आह्वान एवं अपील करूंगा कि उस राज्य में भी यही सुविधा प्रदान की जाए।’’ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इन न्यायालय परिसरों के निर्माण में करीब 1,500 करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है।
चंदौली के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, चंदौली में बनने वाले अदालत परिसर की लागत करीब 236 करोड़ रुपये होगी, जिसमें 37 अदालत कक्ष, अधिवक्ताओं के चेंबर, न्यायिक अधिकारियों के आवास और जनपद न्यायाधीश का आवासीय भवन शामिल होंगे। यह परियोजना अप्रैल 2027 तक पूरी होने का अनुमान है। इस मौके पर आदित्यनाथ ने सीजेआई सूर्यकांत को गुलदस्ता और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली ने सीजेआई को प्रतीक चिह्न देकर उनका स्वागत किया। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों- न्यायमूर्ति विक्रम नाथ एवं न्यायमूर्ति पंकज मित्तल समेत कई प्रमुख लोग इस मौके पर मौजूद रहे।
Similar Post
-
मछुआरों की सुरक्षा और समुद्री हादसों से निपटने के लिए एसओपी बनाई जाएगी: केरल के मंत्री गफूर
कोच्चि, शनिवार, 08 अगस्त 2026। केरल के मत्स्य पालन मंत्री वी. ई. अ ...
-
दिल्ली: तय अवधि से अधिक रहने पर सात अफ्रीकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया
नई दिल्ली, शनिवार, 08 अगस्त 2026। दिल्ली पुलिस ने देश में तय अवधि ...
-
डोनाल्ड ट्रंप के दामाद माइकल बोलोस निजी यात्रा पर कोच्चि पहुंचे
कोच्चि, शनिवार, 08 अगस्त 2026। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रं ...
