मेरठ में दो उपनिरीक्षक पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपये बरामद
मेरठ (उप्र), मंगलवार, 10 फरवरी 2026। मेरठ में लोहिया नगर थाने में तैनात दो उपनिरीक्षकों पर एक धागा कारोबारी का अपहरण कर उससे 20 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मामले की गोपनीय जांच के बाद आरोप सही पाए गए और 15 लाख रुपये भी बरामद कर लिये। उसने बताया कि दोनों उपनिरीक्षक फिलहाल फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें पुलिसकर्मियों द्वारा एक कारोबारी से अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक ने कारोबारी को बुलाकर सभी तथ्यों की जानकारी ली और जांच के आदेश दिए। जांच में दोनों उपनिरीक्षकों की संलिप्तता की पुष्टि हुई। एसएसपी ने कहा कि लोहिया नगर थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने फरार उपनिरीक्षकों की पहचान महेश और लोकेन्द्र साहू के रूप में की है, दोनों 2023 बैच के हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के निवासी रसिक धागे का व्यापार करते हैं और उनका व्यवसाय दुबई से जुड़ा है।
उसने बताया कि जमीन की बिक्री से बड़ी रकम मिलने की सूचना पाकर दोनों उपनिरीक्षकों ने व्यापारी को अगवा किया, उसे सोना तस्करी के झूठे मामले में जेल भेजने की धमकी देकर 20 लाख रुपये वसूले। इसके बाद उन्होंने और 10 लाख रुपये की मांग की। जांच में मोबाइल फोन की लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज से यह पुष्टि हुई कि सभी तीनों लोग एक ही स्थान पर मौजूद थे। पूछताछ के दौरान पुलिस ने दोनों उपनिरीक्षकों से 15 लाख रुपये बरामद किए, लेकिन बाकी रकम लाने के बहाने वे फरार हो गए।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
