गैस टैंकर पलटने से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम नियुक्त

img

मुंबई, बुधवार, 04 फरवरी 2026। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलटने की घटना के 18 घंटे बाद भी सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं और दोनों मार्गों पर भारी जाम लगा हुआ है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दुर्घटना स्थल के पास रात भर वाहन फंसे रहे और इस यातायात संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई। इस अफरा-तफरी के बीच सुबह तक 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

टैंकर से ज्वलनशील प्रोपलीन गैस का रिसाव जारी रहने के कारण स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की टीम को तैनात किया गया है और अधिकारियों ने बताया कि अभियान देर शाम तक जारी रहने की संभावना है जिसके बाद ही सामान्य यातायात बहाल हो पाएगा। राजमार्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल होने तक वे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन का चौड़ा टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है।

एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टैंकर पलट गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास हुई जब तेज गति से जा रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। टैंकर में प्रोपलीन गैस भरी हुई थी जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मुंबई की ओर के यातायात को तुरंत बंद कर दिया। दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को लगभग दो किलोमीटर तक पुणे की ओर जाने वाले मार्ग की ओर भेज दिया गया था।

एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि टैंकर से लगातार गैस रिसाव के कारण सामान्य आवागमन बहाल नहीं हो सका जिसके परिणामस्वरूप पुणे जाने वाले यातायात सहित अन्य वाहन घंटों से फंसे हुए हैं और मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं। इस जाम का वाहन चालकों पर गंभीर असर पड़ा और कई यात्री घंटों तक फंसे रहे। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर व्यास कर्ण नामक व्यक्ति ने लिखा, ''लोग फंसे हुए हैं और बेसब्री से मदद का इंतजार कर रहे हैं। कृपया कुछ करें।'' महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस के एक कंडक्टर ने 'पीटीआई-भाषा' को मध्यरात्रि के आसपास बताया कि उनका वाहन दुर्घटनास्थल के पास छह घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहा जिससे यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई।

कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की। कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को ''पार्किंग स्थल'' बताया और दूसरों को सलाह दी कि जब तक आवश्यक नहीं हो, यात्रा करने से बचें। प्रणव नामक एक 'एक्स' यूजर ने लिखा, ''मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे इस समय पूरी तरह से जाम है। लोनावला और खंडाला के पास एक ट्रक पलटने के कारण घंटों तक यातायात रुका रहता है। अगर यात्रा करना बेहद जरूरी नहीं हो, तो यात्रा नहीं करें।'' यातायात जाम के कारण पुणे जाने वाले वाहन चालकों को भी असुविधा हुई।

सोहित मानिक नाम के एक अन्य 'एक्स' यूजर ने लिखा, ''मैंने अपनी यात्रा अंधेरी पश्चिम से शाम सात बजे के आसपास कैब से शुरू की। मैं तड़के तीन बजकर 40 मिनट के आसपास पुणे पहुंचूंगा। अब तक का सबसे खराब यातायात अनुभव।'' महाराष्ट्र राजमार्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल होने तक लोग मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें। अधिकारियों ने बताया कि पलटे हुए टैंकर से ज्वलनशील प्रोपलीन गैस का रिसाव जारी रहने के कारण एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और बीपीसीएल की विशेषज्ञ टीम को अभियान में मदद के लिए बुलाया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि चूंकि यह गैस अत्यधिक ज्वलनशील है, इसलिए पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी एहतियात बरत रही है जिसके कारण एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। उन्होंने कहा कि अब तक केवल 50 प्रतिशत गैस निकली है और विशेषज्ञों की मदद से शेष गैस को निकालने की प्रक्रिया में तेजी लाने का काम जारी है लेकिन इसमें कुछ समय लगेगा।

अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञों ने बचाव कार्य जारी रहने तक दुर्घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे में यातायात रोकने की सलाह दी है। अभियान में शामिल टीम अपने काम में जुटी है। इस बीच, एक्सप्रेसवे पर 12 किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में यातायात जाम लगा रहा। यातायात जाम बढ़ने के कारण पुलिस ने कुछ वाहनों को पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग की ओर मोड़ दिया है। अधिकारी ने बताया कि 15 से 20 मिनट के अंतराल के बाद वाहनों को विपरीत लेन से मुंबई की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए सामान्य वाहन आवागमन बहाल होने से पहले यह अभियान बुधवार देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के प्रवक्ता द्वारा साझा किए गए राजमार्ग यातायात पुलिस के एक बयान के अनुसार मुंबई की ओर जाने वाले कॉरिडोर पर अदोशी सुरंग के पास खंडाला घाट खंड में टैंकर पलट गया। बयान के अनुसार, दुर्घटना के बाद टैंकर से अत्यधिक ज्वलनशील गैस का रिसाव हुआ और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों ने ​युद्धस्तर पर घटनास्थल पर काम किया। बयान में कहा गया है कि वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की ओर का मार्ग बंद कर दिया गया था जिसके कारण एक्सप्रेसवे के मुंबई और पुणे दोनों ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात जाम हो गया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement