'दिल्ली खालिस्तान बन जाएगी': राष्ट्रीय राजधानी के 15 स्कूल को धमकी भरे ईमेल भेजे गए

img

नई दिल्ली, सोमवार, 09 फरवरी 2026। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को 12 से अधिक विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए, जिसके कारण बड़े पैमाने पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर विद्यालयों को खाली कराया गया। इनमें से आठ धमकियों को बाद में फर्जी घोषित किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। धमकी भरे ईमेल में परेशान करने वाली और भड़काऊ सामग्री थी, जिसमें लिखा था, ''दिल्ली खालिस्तान बन जाएगी। पंजाब खालिस्तान है। अफजल गुरु की याद में।''

ईमेल में धमकी दी गई कि 13 फरवरी को दोपहर एक बजकर 11 मिनट पर संसद के अंदर एक विस्फोट होगा। इसके मद्देनजर सुरक्षा सतर्कता और एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ा दिया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित कई शैक्षणिक संस्थानों से सुबह के समय आपातकालीन कॉल प्राप्त हुए, जिसके बाद दमकल गाड़ियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत उन स्थानों पर भेजे गए। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ''अभी तक कुल 15 विद्यालयों को बम की धमकी मिली। दमकल सेवा दल तुरंत परिसर में पहुंचे। तलाशी ली जा रही है।''

उन्होंने बताया कि इनमें से आठ धमकियों को फर्जी घोषित कर दिया गया है। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि जिन विद्यालयों को धमकियां मिली हैं, उनमें दिल्ली छावनी स्थित लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित कैम्ब्रिज स्कूल, सादिक नगर स्थित द इंडियन स्कूल, आईएनए स्थित डीटीईए स्कूल, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, रोहिणी और शालीमार बाग स्थित सीएम श्री स्कूल, पीतमपुरा में आधारशिला विद्यापीठ, शालीमार बाग स्थित मॉर्डन पब्लिक स्कूल एवं जसपाल कौर पब्लिक स्कूल, न्यू राजेंद्र नगर स्थित मानव स्थली स्कूल, द्वारका में राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय और रोहिणी स्थित बाल भारती स्कूल शामिल हैं।

एहतियात के तौर पर इन सभी विद्यालयों को खाली करा लिया गया है और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाले दल व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस अभियान में श्वान दस्ते का भी सहयोग लिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को काम पर लगाया गया है, जबकि राजधानी में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी स्कूल परिसर से अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है और तलाशी अभियान जारी है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement