संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। संसद के बजट सत्र का पहला चरण शुक्रवार को पूरा हो गया और दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गयी। बजट सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुई थी। इसके बाद 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण और 01 फरवरी को लोकसभा में बजट पेश किया गया जिसकी प्रति उसी दिन राज्यसभा के पटल पर रखी गयी थी। पहले चरण के तहत दोनों सदनों की 13-13 बैठकें हुईं। लोकसभा में इस दौरान विपक्ष की तरफ से काफी हंगामा देखने को मिला जिससे सदन का काफी काम प्रभावित हुआ और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा न के बराबर हुई तथा प्रधानमंत्री के जवाब के बिना उसे पारित कर दिया गया।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लंबी चर्चा के बाद उसे पारित किया गया जिसका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर दिया और उनके भाषण के दौरान विपक्ष ने बहिर्गमन किया। दोनों सदन में बजट पर आम चर्चा हुई जिसका वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उत्तर दिया। दोनों सदनों में बजट सत्र के पहले चरण में औद्योगिक संबंध संहिता (संशोधन) विधेयक, 2026 को भी मंजूरी दी गयी। दूसरे चरण की कार्यवाही 09 मार्च को शुरू होगी जिसमें मंत्रालय वार बजट आवंटनों पर चर्चा होगी और वित्त विधेयक, अनुदान मांगों और उनसे जुड़े विनियोग विधेयक को स्वीकृति देने के साथ बजट पारित करने की प्रक्रिया पूरी होगी। दोनों चरणों के बीच अवकाश के दौरान संसद की स्थायी समितियों में मंत्रालयों के आवंटनों पर विचार होगा। बजट सत्र 02 अप्रैल तक चलेगा। दूसरे चरण में कुल 17 बैठकें निर्धारित हैं।
Similar Post
-
रमेश ने पूर्व न्यायाधीश को लिखा नेहरू का माफीनामा साझा किया, व्यक्तित्व की सराहना की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ...
-
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। संसद के बजट सत्र का पहला चरण ...
-
मेरे भाषण से संसदीय कामकाज पर टिप्पणी और प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना हटायी गयी: खरगे
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ...
