गुजरात: छह अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल, अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
अहमदाबाद, मंगलवार, 17 फरवरी 2026। गुजरात की छह अदालतों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद अधिकारियों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद, वडोदरा, वलसाड, राजकोट, गांधीनगर और मेहसाना की अदालतों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वडोदरा जिला अदालत को भेजे गए एक ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर में 19 बम रखे गए हैं।
उन्होंने बताया, ''ईमेल में मध्याह्न भोजन तक अदालत परिसर पर बम से हमला करने की धमकी दी गई थी। ईमेल में तमिलनाडु की एक अदालत के फैसले की आलोचना की गई थी। वडोदरा विशेष अभियान समूह (एसओजी), बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता, स्थानीय पुलिस और साइबर विशेषज्ञों की एक टीम पूर्वाह्न करीब 11 बजे मौके पर पहुंची।''
जोन दो के पुलिस उपायुक्त मंजिता वंजारा ने बताया कि अदालत परिसर को घेर लिया गया और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। वलसाड के पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह जडेजा ने बताया कि एक अन्य ईमेल में दावा किया गया कि वलसाड में जिला अदालत के 19 कक्ष में आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर की नमाज से पहले फट जाएंगे, जिसके बाद कक्ष को खाली करा लिया गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
राजकोट, गांधीनगर और अहमदाबाद की जिला अदालतों को भी मंगलवार सुबह खाली करा लिया गया हालांकि अधिकारियों ने कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने की पुष्टि की। मेहसाना जिला अदालत को दोपहर के समय बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद परिसर को खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और स्थानीय पुलिस की मदद से गहन तलाशी अभियान संचालित किया गया। मेहसाना के पुलिस अधीक्षक हिमांशु सोलंकी ने बताया कि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा में सोमवार को 34 विद्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे, जिसके बाद परिसरों को खाली करा लिया गया था।
Similar Post
-
दिल्ली: व्यापारी से 22 लाख रुपये के रत्न चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, शनिवार, 19 जुलाई 2026। दिल्ली पुलिस ने एक व्यापारी का ...
-
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय को गिराने के मामले में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश
कोलकाता, शनिवार, 19 जुलाई 2026। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम ...
-
अहमदाबाद पटाखा फैक्टरी विस्फोट: तीन साझेदार गिरफ्तार, लाइसेंस खत्म होने के बावजूद जारी था काम
अहमदाबाद, शनिवार, 19 जुलाई 2026। अहमदाबाद के रामोल इलाके में अव ...
