मेघालय में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, 17,000 मीट्रिक टन कोयला और विस्फोटक बरामद
शिलांग, रविवार, 22 फरवरी 2026। मेघालय पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में 17,000 मीट्रिक टन से अधिक कोयला और 25.5 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने यह कार्रवाई थंगस्कू इलाके में पांच फरवरी को अवैध रूप से संचालित हो रही एक कोयला खदान में हुए विस्फोट के बाद की। हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज कुमार रसगनिया ने बताया कि जिला पुलिस ने 20 और 21 फरवरी की दरमियानी रात को छापेमारी की। इस दौरान खदानों से अवैध रूप से निकाला गया 17,322 मीट्रिक टन कोयला और 25.5 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। हालांकि, इस अभियान के दौरान कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रसगनिया ने बताया कि पांच फरवरी के विस्फोट के बाद से अवैध खनन और परिवहन के संबंध में अब तक 94 प्राथमिकी दर्ज की गई है और 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्य सरकार ने विस्फोट की घटना के बाद मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया है और प्रवर्तन में कथित खामियों की जांच के लिए एक न्यायिक जांच आयोग भी बनाया है। मेघालय उच्च न्यायालय भी इस मामले की निगरानी कर रहा है और उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सुनवाई के दौरान उपस्थित होने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी जयंतिया हिल्स के संवेदनशील इलाकों में प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा और कोयले के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Similar Post
-
तमिलनाडु में टीवीके जीत की ओर अग्रसर, पुडुचेरी में राजग की सहयोगी एआईएनआरसी जीती
चेन्नई, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिल ...
-
गौरव यादव पंजाब के डीजीपी नियुक्त, पदभार संभाला
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। भगवंत मान सरकार ने यादव को ...
-
कॉजपा के प्रदर्शन से पहले पुलिसकर्मियों को संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी में कॉक ...
