अकाली दल-भाजपा का गठबंधन दिशाहीन, दोनों दल सत्ता के लालच में फिर साथ आए : परगट सिंह
चंडीगढ़, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष परगट सिंह ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए किए गए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के गठबंधन की मंगलवार को आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल सत्ता के ‘‘लालच’’ में फिर से साथ आए हैं। सिंह ने दावा किया कि दोनों दलों के पास सीमावर्ती राज्य पंजाब को विकास और समृद्धि के रास्ते पर ले जाने के लिए न तो कोई एजेंडा है और न ही कोई कार्ययोजना।
सिंह ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और भाजपा के फिर से साथ आने पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह एक दिशाहीन गठबंधन है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के फिर से साथ आने की वजह केवल सत्ता का लालच है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘उनके पास पंजाब के विकास का न तो कोई एजेंडा है और न ही राज्य की प्रगति के लिए कोई कार्य योजना। वे केवल अपने विकास के लिए साथ आए हैं। उन्होंने पंजाब में सत्ता हासिल करने के एकमात्र उद्देश्य से फिर हाथ मिलाया है।’’ उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों के पंजाब में अगली सरकार बनाने की कोई संभावना नहीं है।
सिंह ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल से लोगों को यह बताने को कहा कि उन्होंने पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) क्यों छोड़ा था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की घोषणा की। सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। इन कानूनों को बाद में निरस्त कर दिया गया था। इससे पहले लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
Similar Post
-
कार्तिगई दीपम उत्सव: बारिश की परवाह किये बिना लाखों श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की
तिरुवन्नमलाई, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। रुक-रुककर हो रही बारिश औ ...
-
कोलकाता में सियालदह स्टेशन के पास रेल पटरी का एक हिस्सा धंसा
कोलकाता, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कोलकाता में सियालदह स्टेशन के ...
-
अकाली दल-भाजपा का गठबंधन दिशाहीन, दोनों दल सत्ता के लालच में फिर साथ आए : परगट सिंह
चंडीगढ़, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध् ...
