बीकानेर हाउस में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राजस्थान उत्सव का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
- 15 से 25 मार्च तक चलने वाले राजस्थान उत्सव में मिलेगी राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक
जयपुर, शनिवार, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गत वर्ष से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाने की शुरूआत की गई। इसी क्रम में इस बार भी राज्य सरकार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों के माध्यम से भव्य राजस्थान दिवस मनाने जा रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में 15 मार्च से 25 मार्च तक राजस्थान उत्सव 2026 के रूप में फूड एवं क्राफ्ट मेले/उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा बीकानेर हाउस प्रांगण में 15 मार्च 2026 को सायं 7:00 बजे किया जाएगा। राजधानी में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान के प्रमुख केंद्र बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव प्रदेश की जीवंत लोक परंपराओं, कला, संस्कृति और पारंपरिक खान-पान की अनूठी झलक प्रस्तुत करेगा।
बीकानेर हाउस प्रांगण में आयोजित यह उत्सव राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री श्री शर्मा की प्रेरणा से राज्य सरकार प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित यह उत्सव राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश के लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
बीकानेर हाउस : दिल्ली में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र-
नई दिल्ली के प्रतिष्ठित बीकानेर हाउस ने वर्षों से राजधानी में राजस्थान की कला, संस्कृति और पर्यटन को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजस्थान उत्सव के अवसर पर बीकानेर हाउस प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, शिल्प मेले और सांस्कृतिक उत्सव राजधानी के लोगों को राजस्थान की समृद्ध परंपराओं से जोड़ेगे। ऐसे आयोजनों के माध्यम से यह स्थल प्रवासी राजस्थानियों, पर्यटकों और कला प्रेमियों के लिए राजस्थान की संस्कृति से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।
उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी आकर्षक श्रृंखला-
बीकानेर हाउस प्रांगण में आयोजित राजस्थान उत्सव के दौरान राजस्थान की विविध सांस्कृतिक रंगत को प्रदर्शित करते हुए अनेक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें “रंगीला राजस्थान”, “विरासत-ए-थार”, “गणगौर सवारी”, “लोक रंग”, “रंगत”, “रंग-ए-मारवाड़”, “मरू तरंग” और “ब्रज के रंग” जैसे कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न अंचलों की समृद्ध लोक परंपराओं, लोकनृत्य और लोकसंगीत की सजीव झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।
प्रतियोगिताओं और जनभागीदारी से उत्सव बनेगा और जीवंत-
राजस्थान उत्सव में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें लेमन स्पून रेस, वन लेग रेस, थ्री लेग्ड रेस, रुमाल झपट्टा, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), मेहंदी प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, ढोला-मूमल प्रतियोगिता, लोक नृत्य-गायन प्रतियोगिता तथा साफा बंधन- री प्रतियोगिता शामिल हैं। ये गतिविधियां उत्सव को और अधिक रोचक और सहभागी बनाएंगी।
बीकानेर हाउस प्रांगण, नई दिल्ली में आयोजित यह उत्सव राजधानी में राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, कला प्रेमियों और प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की जीवंत संस्कृति से रूबरू कराएगा।
Similar Post
-
मुख्यमंत्री ने अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन में की शिरकत
जयपुर, शनिवार, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने ...
-
बीकानेर हाउस में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राजस्थान उत्सव का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
- 15 से 25 मार्च तक चलने वाले राजस्थान उत्सव में मिलेगी राजस ...
-
देशभर में स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत
- मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने अल्बर्ट हॉल पर श्रमदान कर स ...
