पालम में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के सात लोगों की मौत
नई दिल्ली, बुधवार, 18 मार्च 2026। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लग जाने से तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आग से बचने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी और उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को सुबह करीब सात बजे पालम मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में घर पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल के 30 वाहन मौके पर भेजे गए और आग बुझाने तथा अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया गया। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ''एक आवासीय इमारत में आग लगने की सूचना मिली है और हमें आशंका थी कि कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।''
घटनास्थल से प्राप्त दृश्यों में देखा जा सकता है कि इमारत से काले धुएं के घने गुबार उठ रहे हैं, जबकि आग की लपटों ने इमारत के कुछ हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि डीएफएस के कर्मियों ने तीन बच्चों सहित सात लोगों को इमारत से बाहर निकाला, जिन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि आग की लपटों के कारण दो अन्य लोग इमारत से कूद गए थे। उनका फिलहाल अस्पताल में उपचार हो रहा है।
डीएफएस के अनुसार, इमारत में एक 'बेसमेंट' और पांच मंजिलें थीं, जिसकी छत पर एक अस्थायी टीन की शेड बनी हुई थी। 'बेसमेंट', भूतल और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधनों के भंडारण के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल आवासीय इकाइयां थीं। अधिकारियों ने बताया कि खबर लिखे जाने तक शीतलन अभियान जारी था, जबकि टीम परिसर की तलाशी में लगी हुई थीं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए। ऑनलाइन प्रसारित हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग इमारत के पास की संकरी गलियों में इकट्ठा है, जबकि दमकलकर्मी पाइप और सीढ़ियों का उपयोग करके आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।
Similar Post
-
ईरानी गिरोह के सरगना के खिलाफ मकोका के तहत आरोपपत्र दाखिल
नई दिल्ली, रविवार , 01 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों मे ...
-
मॉरीशस में जयपुर के गोबर से बने 10 लाख दीपकों से रोशन होगी दिवाली
- 70 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बना रहीं दीए
-
सीजेआई सूर्यकांत को निशाना बनाने वाली केपीसीसी की पोस्ट पर अवमानना याचिका दर्ज
नई दिल्ली, रविवार , 01 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने प्रधान न् ...
