टेक्नोलॉजी के जरिए सड़कें होंगी अधिक सुरक्षित, आमजन को मिलेगा सहज सफर- उप मुख्यमंत्री

img

  • ई-डिटेक्शनवीएलटीडी और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से पारदर्शी व सुगम परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बल

जयपुर, गुरुवार, 02 अप्रैल 2026। उप मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए तकनीक आधारित निगरानी तंत्र को और सख्त करने व नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ई-डिटेक्शन, वाहन ट्रैकिंग और ऑनलाइन सेवाओं के जरिए आमजन को सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा गुरुवार को शासन सचिवालय में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-डिटेक्शन प्रणाली को और प्रभावी बनाते हुए नियमों के उल्लंघन पर स्वतः चालान की प्रक्रिया को मजबूत किया जाए। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन वाहनों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) के व्यापक क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने इस प्रणाली का दायरा तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने परमिट से संबंधित सभी सेवाओं को पूर्णतः ऑनलाइन करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आमजन को बिना बाधा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ई-डिटेक्शन, ऑनलाइन परमिट और अन्य आईटी प्रणालियों के समेकित उपयोग से पारदर्शिता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने खान एवं परिवहन विभाग के पोर्टलों के एकीकरण को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि ओवरलोडिंग जैसे मामलों में प्रभावी और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नियमों का कड़ाई से पालन हो सके।

उन्होंने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने, जिला स्तर पर डेटा आधारित कार्ययोजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के अंतर्गत राजस्व सुदृढ़ीकरण, कर वसूली की नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रवर्तन तंत्र को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में प्रमुख शासन सचिव परिवहन विभाग श्री भवानी सिंह देथा, आयुक्त परिवहन श्री पुरुषोत्तम शर्मा सहित परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement