सुरजेवाला ने भाजपा पर 'कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ प्रतिशोधी रवैया' अपनाए जाने का आरोप लगाया
बेंगलुरु, रविवार, 05 अप्रैल 2026। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ''कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ प्रतिशोध की भावना'' उजागर हो गयी है क्योंकि केंद्र ने कर्नाटक को उसके करीब दो लाख करोड़ रुपये के वैध बकाये से ''वंचित'' रखा है। सुरजेवाला ने कहा कि कन्नड़ भाषी लोगों के अधिकारों और हितों के प्रति मोदी सरकार के ''सौतेले व्यवहार'' पर कर्नाटक भाजपा की जानबूझकर चुप्पी को बिना दंड के नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कर्नाटक के साथ ''विश्वासघात'' किया है और वह वोट की हकदार नहीं है। सुरजेवाला ने कहा, ''केंद्र सरकार द्वारा कर्नाटक को करीब दो लाख करोड़ रुपये का बकाया न देना, मोदी सरकार और भाजपा की कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ साजिश को उजागर करता है। कृषि, सिंचाई, रक्षा और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को रोककर कर्नाटक के खिलाफ एक खतरनाक साजिश रची गई है।''
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा कर्नाटक के लिए ''हानिकारक'' है और उस पर बजटीय हिस्सेदारी रोकने, विकास कार्यों में बाधा डालने और कांग्रेस की पांच गारंटी योजनाओं शक्ति, गृह लक्ष्मी, गृह ज्योति, युवा निधि और अन्न भाग्य का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''भाजपा ने कर्नाटक के साथ विश्वासघात किया है और वह कन्नड़ भाषी लोगों के वोट की हकदार नहीं है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ''साजिश'' और "कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ प्रतिशोध की भावना'' पूरी तरह उजागर हो चुकी है और भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और सभी नेताओं को इसका जवाब देना चाहिए।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि कृषि, सिंचाई, रक्षा और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को रोकना कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ ''बदले की कार्रवाई'' है। उन्होंने अपर भद्रा नदी परियोजना, महादेयी (कलसा-बंडूरी) परियोजना, यत्तिनहोले पेयजल परियोजना और मेकेदातु सिंचाई व पेयजल परियोजना जैसे लंबित मुद्दों का जिक्र किया। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा नेता जहां एक ओर केंद्र के ''अन्याय पर चुप्पी'' साधे हुए हैं, वहीं कांग्रेस की पांच गारंटी योजनाओं का विरोध कर रहे हैं, जबकि इन योजनाओं के जरिए राज्य सरकार ने कन्नड़ भाषी लोगों को 1.31 लाख करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया, ''इससे कन्नड़ भाषी लोगों के प्रति उनकी (भाजपा की) घोर नफरत का पता चलता है।''
Similar Post
-
संघर्ष केवल बाहरी दुनिया में नहीं बल्कि यह व्यक्ति के मन में भी चलता है: उपराष्ट्रपति
नई दिल्ली, रविवार, 05 अप्रैल 2026। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्ण ...
-
सुरजेवाला ने भाजपा पर 'कन्नड़ भाषी लोगों के खिलाफ प्रतिशोधी रवैया' अपनाए जाने का आरोप लगाया
बेंगलुरु, रविवार, 05 अप्रैल 2026। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह स ...
-
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
जयपुर, रविवार, 05 अप्रैल 2026। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौर ...
