राजस्थान में बारिश व ओलावृष्टि का नया दौर आज से शुरू होने की चेतावनी
जयपुर, सोमवार, 06 अप्रैल 2026। राजस्थान में सोमवार से तेज आंधी व बारिश के साथ साथ ओलावृष्टि का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने किसानों से खुले में पड़ी फसल को ढककर रखने की सलाह दी है ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके। मौसम केंद्र के अनुसार, आज छह अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में दोपहर बाद एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से राज्य के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, बारिश होने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि का नया दौर शुरू होने की पूरी संभावना है। वहीं सात अप्रैल को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी व कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। कई जगह मध्यम से तेज बारिश भी होगी।इस दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र व आसपास के कुछ भागों में 20 से 50 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
आठ अप्रैल को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि नौ अप्रैल से आगामी 3-4 दिन अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा व तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होगी। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश व ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए वे खलिहान या कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज व अन्य सामान को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
Similar Post
-
पश्चिम एशिया संकट से उपजी चिंताओं के समाधान में विफल रहे प्रधानमंत्री: प्रियंका
कन्नूर (केरल), सोमवार, 06 अप्रैल 2026। कांग्रेस नेता प्रियंका गा ...
-
मुख्यमंत्री शर्मा ने दी स्वीकृति
- कृषि उपज मण्डी समितियों में होंगे 40 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक के ...
-
'ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा' एक छलावा है : कांग्रेस
नई दिल्ली, सोमवार, 06 अप्रैल 2026। कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश क ...
