उप्र : अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, 19 लोग गिरफ्तार
कानपुर (उप्र), बुधवार, 08 अप्रैल 2026। कानपुर जिले में साइबर अपराध शाखा और विशेष कार्य दल (एसओजी) ने बुधवार सुबह एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ कर रेवना इलाके के एक गांव से 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि सूचना मिलने पर साइबर अपराध शाखा और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारियां की हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने गांव के अंदर दाखिल होने और बाहर निकालने के सभी रास्तों को सील करके तलाशी अभियान चलाया और आरोपियों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया। लाल ने बताया कि गिरोह के सदस्य एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर अब तक कई लोगों को ठग चुके हैं।
उन्होंने बताया, "गिरोह ने अनजान पीड़ितों से धन ऐंठने के लिए नकली दस्तावेज और जाली बैंक खाते का इस्तेमाल किया। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कई मोबाइल फोन, जाली दस्तावेज, सरकारी योजनाओं से जुड़े दस्तावेज और अवैध रूप से हासिल किया गया धन भेजने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बैंक खातों के सुबूत मिले।" पुलिस अधिकारियों को शक है कि इस गिरोह के तार कई अन्य राज्यों तक भी फैले हो सकते हैं और बड़े पैमाने पर पीड़ितों के साथ धोखाधड़ी की गई होगी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के एकत्र होने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद पुलिस को तैनात किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस ने लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करके आरोपियों को आत्मसमर्पण करने या सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करने की चेतावनी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी 19 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Similar Post
-
अल्कोहल की 12 प्रतिशत से अधिक मात्रा वाली दवाइयों के लिए लाइसेंस अनिवार्य
नई दिल्ली, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। केंद्र ने उन दवाओं को लाइसें ...
-
राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच संबंधी याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई करेगा न्यायालय
नई दिल्ली, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय अयोध्या स्थ ...
-
मुंबई-पुणे रेल मार्ग बाधित: मध्य रेलवे ने 30 ट्रेन 17 जुलाई तक रद्द कीं
मुंबई, शुक्रवार, 10 जुलाई 2026। भोर घाट खंड में हुए भूस्खलन के बा ...
