पूर्वी दिल्ली में आवासीय इमारत में आग लगने से नौ लोगों की मौत
नई दिल्ली, रविवार, 03 मई 2026। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 48 मिनट पर मिली जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, आग ने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित कई फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘आग बुझाने के अभियान के दौरान परिसर से करीब 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया।’’ आग बुझाने के लिए दमकल की कुल 12 गाड़ियां भेजी गईं तथा दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के दलों ने बचाव और निकासी प्रयासों में सहायता की। पुलिस ने बताया कि कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Similar Post
-
कर्नाटक: सीएम डीके शिवकुमार ने भाजपा पर 'वंदे मातरम' विवाद को लेकर अशांति फैलाने का लगाया आरोप
बेंगलुरु, मंगलवार, 15 सितंबर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके ...
-
स्टालिन के अचानक बीमार पड़ने के बाद डीएमके ने 'मुप्पेरुम विझा' कार्यक्रम किया स्थगित
चेन्नई, मंगलवार, 15 सितंबर 2026। डीएमके ने पार्टी अध्यक्ष एम.के. ...
-
न्यायालय का पुलिस अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने संबंधी सूरी की याचिका पर विचार करने से इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 15 सितंबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने गाजियाबा ...
