तृणमूल कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर सरकार को घेरा, आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 15 मई 2026। तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर नरेन्द्र मोदी सरकार पर तीखा हमला किया और उस पर चुनावों के बाद लोगों को 'धोखा' देने का आरोप लगाया। राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की उपनेता सागरिका घोष ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव प्रचार के दौरान ऊर्जा संकट और आर्थिक स्थिति की गंभीरता को छिपाकर रखा और चुनाव खत्म होने के बाद आम लोगों पर बोझ डाल दिया।
घोष ने कहा, ''वोट लूटने के बाद, अब आप आम लोगों की जेब लूट रहे हैं।'' भाजपा नीत केंद्र सरकार को 'धोखेबाज' करार देते हुए उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतें पहले ही बढ़ चुकी हैं और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों को तथा उनकी रोज़ी-रोटी को और नुकसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ईंधन की कमी से निपटने के लिए ठीक से तैयारी करने में नाकाम रही और संकट को सुलझाने के बजाय 'इवेंट मैनेजमेंट' पर ध्यान देती रही।
उन्होंने कहा, ''मोदी-नॉमिक्स का बुलबुला फूट गया है और मोदी सरकार ने लोगों को धोखा दिया है।'' तृणमूल नेता ने पेपर लीक के आरोपों के बीच नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द करने को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया, ''2014 से 70 से 90 बड़ी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक हुए हैं''। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के मुद्दे पर घोष ने इन घटनाओं को 'चौंकाने वाला' बताया और आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद हत्याएं, आगजनी और लोगों का पलायन हुआ है।
Similar Post
-
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में पुराना मोर्टार निष्क्रिय किया गया
ईटानगर, शनिवार, 13 जून 2026। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भा ...
-
असम में एएन-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से वायुसेना के पांच कर्मियों की मौत
नई दिल्ली, शनिवार, 13 जून 2026। असम के जोरहाट में रूसी मूल के एएन-3 ...
-
मोदी फ्रांस, स्लोवाकिया की छह दिवसीय यात्रा पर रवाना, वैश्विक नेताओं से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली, शनिवार, 13 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक् ...
