यूडीएफ सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, केएसआरटीसी बसों में महिलाएं करेंगी मुफ्त यात्रा
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 18 मई 2026। केरल में नवगठित संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने सोमवार को कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा की, जिनमें 15 जून से केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए मानदेय में वृद्धि और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समर्पित विभाग का गठन शामिल है। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कैबिनेट की पहली बैठक में लिए गए निर्णयों की घोषणा करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना के विस्तृत दिशानिर्देश बाद में जारी किए जाएंगे। मंत्रिमंडल ने बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए एक अलग विभाग गठित करने का भी निर्णय लिया, जिसे मुख्यमंत्री ने देश में इस तरह की पहली पहल बताया।
उन्होंने कहा, ''किसी समाज का मूल्यांकन इस बात से होता है कि वह अपने बुजुर्ग नागरिकों के साथ कैसा व्यवहार करता है। वरिष्ठ नागरिकों की सम्मानजनक देखभाल सुनिश्चित करके केरल को एक आदर्श सभ्य समाज बनना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि सचिवालय के सामने आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लंबे समय तक किए गए आंदोलन के दौरान किए गए वादे को पूरा करते हुए मंत्रिमंडल ने उनके मानदेय में 3,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि को मंजूरी दी है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों, स्कूल के रसोइया कर्मचारियों, पूर्व-प्राथमिक शिक्षकों और आया के मानदेय में भी 1,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि की घोषणा की।
मंत्रिमंडल ने वरिष्ठ विधायक जी. सुधाकरन को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) के रूप में नामित करने की सिफारिश की और राज्यपाल से विधायकों के शपथ ग्रहण और अध्यक्ष के चुनाव के लिए विधानसभा सत्र बुलाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, विधायकों का शपथ ग्रहण 21 मई को होगा और अध्यक्ष का चुनाव 22 मई को होगा। मंत्रिमंडल ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव बाबू को महाधिवक्ता और अधिवक्ता टी एस आसफ अली को अभियोजन महानिदेशक नियुक्त किया।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में मंत्रिमंडल ने अलाप्पुझा में पूर्व मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान दो युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित हमले से संबंधित मामले की पुनः जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) के गठन को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलाप्पुझा जिला न्यायालय ने आठ नवंबर, 2024 को पुन: जांच का आदेश दिया था, लेकिन पिछली सरकार डेढ़ साल से अधिक समय से इस आदेश का पालन करने में विफल रही। राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार केवल अदालत के निर्देश का पालन कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और सरकार के राजकोष की वित्तीय स्थिति का विस्तृत विवरण देने वाला एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। इससे पहले, दिन में सतीशन और 20 मंत्रियों ने शपथ ली।
Similar Post
-
लुधियाना के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले, कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला
लुधियाना, सोमवार, 18 मई 2026। तीन निजी स्कूलों को सोमवार को बम से ...
-
नीट मामले में कोचिंग सेंटर का संस्थापक गिरफ्तार
नई दिल्ली, सोमवार, 18 मई 2026। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ...
-
यूडीएफ सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की, केएसआरटीसी बसों में महिलाएं करेंगी मुफ्त यात्रा
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 18 मई 2026। केरल में नवगठित संयुक्त लोकता ...
