केजरीवाल, सिसोदिया को आबकारी मामले में पीठ में बदलाव की जानकारी दे सीबीआई: अदालत
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार को आबकारी नीति मामले में सभी आरोपियों को आरोप मुक्त करने के अधीनस्थल अदालत के आदेश के खिलाफ सीबीआई की याचिका पर सुनवाई के लिए 25 मई की तारीख तय की और एजेंसी को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक को पीठ में बदलाव के बारे में सूचित करने को कहा। न्यायमूर्ति मनोज जैन ने कहा, "उन्हें सूचित किया जाए कि यह मामला इस न्यायालय को सौंपा गया है। इसलिए यदि उन्हें कुछ कहना हो या इस याचिका पर प्रतिक्रिया देनी हो, तो उन्हें सूचना दी जाए। सभी के उपस्थित होने के बाद, हम सुनवाई का कार्यक्रम तय करेंगे।
सीबीआई द्वारा अधीनस्थ अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका को न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा द्वारा पिछले सप्ताह अपनी अदालत से मुक्त किए जाने के बाद न्यायमूर्ति जैन के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था। अधीनस्थ अदालत ने 27 फरवरी को आबकारी नीति मामले में केजरीवाल, सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को आरोप मुक्त करते हुए फैसला सुनाया कि मामला न्यायिक जांच में पूरी तरह से खरा नहीं उतर सकता और पूरी तरह से निराधार हो गया है। इसके बाद, केजरीवाल, सिसोदिया, पाठक और कुछ अन्य प्रतिवादियों ने पक्षपात और हितों के टकराव की आशंका के आधार पर न्यायमूर्ति शर्मा को इस मामले से अलग करने की मांग की।
न्यायमूर्ति शर्मा ने मामले से खुद को अलग करने की आप नेताओं की याचिकाओं को 20 अप्रैल को खारिज कर दिया, जिसके बाद केजरीवाल, सिसोदिया और पाठक ने न्यायमूर्ति शर्मा को पत्र लिखकर कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से या किसी वकील के माध्यम से उनके समक्ष पेश नहीं होंगे और "महात्मा गांधी के सत्याग्रह के मार्ग" का अनुसरण करेंगे। न्यायमूर्ति शर्मा ने हालांकि 14 मई को उनके और अन्य आप नेताओं के खिलाफ उनके "अपमानजनक" सोशल मीडिया पोस्ट के लिए आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की और स्पष्ट किया कि मामला दूसरी पीठ को भेजा जाएगा।
मंगलवार को सुनवाई के दौरान, सीबीआई की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि निचली अदालत का आरोप मुक्त करने का आदेश "कानून की नजर में किसी भी अदालत की जांच में खरा नहीं उतर सकता"। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस मामले की सुनवाई में देरी नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह "देश की राजधानी में हुए एक घोटाले" से संबंधित है। यह देखते हुए कि तीन प्रतिवादी, केजरीवाल, सिसोदिया और पाठक, का कोई वकील उपस्थित नहीं था, न्यायमूर्ति जैन ने सुनवाई 25 मई तक के लिए स्थगित कर दी और कहा, "आदर्श स्थिति यह है कि सभी लोग यहां उपस्थित हों और सभी की बात सुनी जाए"।
न्यायमूर्ति जैन ने कहा, "उन्हें यहां उपस्थित होना चाहिए, और उनके साथ विधिवत वकील होने चाहिए। हम इस मामले को आगे बढ़ा सकते हैं।" न्यायाधीश ने मौखिक रूप से टिप्पणी की कि चूंकि यह मामला पहले से ही खबरों में है, इसलिए जिन प्रतिवादियों का प्रतिनिधित्व वकील नहीं कर रहे हैं, उन्हें पीठ के बदलाव की जानकारी होगी। उन्होंने कहा, "लेकिन यह कानून की भी आवश्यकता है। हम उन्हें नया नोटिस या संदेश भेजने से पीछे नहीं हटेंगे कि अब मामला इस अदालत के समक्ष है और यदि आपके पास कुछ कहने के लिये है तो कृपया हमें बताएं।" सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कहा कि एजेंसी अदालत के निर्देशों के अनुसार उन्हें सूचित करेगी।
Similar Post
-
केजरीवाल, सिसोदिया को आबकारी मामले में पीठ में बदलाव की जानकारी दे सीबीआई: अदालत
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने मंगलवार ...
-
नर्मदा में दूध चढ़ाने की रस्म: एनजीटी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों से जवाब मांगा
भोपाल, मंगलवार, 19 मई 2026। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने मध् ...
-
आंध्र प्रदेश: नायडू ने 'मछुआरों के लिए सेवा' योजना के तहत 262 करोड़ रुपये वितरित किए
तुम्मालापेंटा (आंध्र प्रदेश), मंगलवार, 19 मई 2026। आंध्र प्रदेश ...
