'बेअदबी' वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री मान नहीं : 'आप'
चंडीगढ़, गुरुवार, 18 जून 2026। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दो प्रयोगशालाओं की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से पता चला है कि कथित बेअदबी वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि कोई और है। इसी वीडियो को लेकर अकाल तख्त ने मान को 'गुरु-द्रोही' घोषित किया था। राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर आरोप लगाया कि बेअदबी विरोधी कानून बनाने के लिए बातचीत शुरू होने के बाद से ही वह मान को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। अकाल तख्त ने सोमवार को इस वीडियो को लेकर मान को 'गुरु दोखी' (गुरु द्रोही) और 'खालसा पंथ विरोधी' घोषित किया था।इस आदेश से पहले अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने दावा किया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को दो फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं ने ''असली'' पाया है। वीडियो में कथित तौर पर मान से मिलता-जुलता एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है।
जत्थेदार ने कहा था कि वीडियो से न तो छेड़छाड़ की गई और न ही इसे कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से बनाया गया। मान ने वीडियो को खारिज करते हुए इसे उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया दुष्प्रचार बताया था। चीमा ने शिअद पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ''साजिश रचने में माहिर'' है। मंत्री ने कहा, ''जब से बेअदबी विरोधी कानून लागू करने के लिए बातचीत शुरू हुई है, तभी से भगवंत मान को निशाना बनाया जा रहा है। कोई न कोई साजिश रची जा रही है।''
चीमा ने दो फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट पेश करते हुए दावा किया कि कथित बेअदबी वाले वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मान नहीं है। उन्होंने कहा, ''इन दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में चेहरे की पहचान, मान के कद, शारीरिक मुद्रा, चलने और खड़े होने के ढंग समेत 1,191 अलग-अलग कोण का गहन विश्लेषण किया गया है।'' चीमा ने कहा, ''इससे पता चलता है कि फर्जी वीडियो में दिख रहा व्यक्ति भगवंत मान से मेल नहीं खाता।'' उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो मान को बदनाम करने के लिए किसी अभिनेता की मदद से बनाया गया।
चीमा ने कहा कि दोनों प्रयोगशालाएं स्वतंत्र हैं, पंजाब के बाहर स्थित हैं और भारत सरकार से मान्यता प्राप्त हैं। 'आप' नेता बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मुलाकात कर इस पूरी ''साजिश'' में शामिल लोगों का पर्दाफाश करने के लिए जांच की मांग करेगा। यह मामला इस वर्ष जनवरी में अकाल तख्त द्वारा मान को तलब किए जाने से जुड़ा है। मान पर 'गुरु की गोलक' को लेकर कथित टिप्पणी करने और एक कथित वीडियो में सिख गुरुओं तथा मारे गए चरमपंथी जरनैल सिंह भिंडरांवाले की तस्वीरों के साथ ''आपत्तिजनक गतिविधियां'' करने का आरोप था। अकाल तख्त द्वारा मान के खिलाफ आदेश जारी किए जाने के बाद से विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
Similar Post
-
उमर ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में खीर भवानी मंदिर का दौरा किया
श्रीनगर, गुरुवार, 18 जून 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर ...
-
नवी मुंबई: नौकरी के नाम पर 75 उम्मीदवारों से 1.73 करोड़ रुपये की ठगी, आठ लोगों पर मामला दर्ज
ठाणे, गुरुवार, 18 जून 2026। नवी मुंबई में आकर्षक नौकरियों का वाद ...
-
शिवसेना (उबाठा) के छह सांसद पार्टी बैठक में शामिल नहीं हुए
नई दिल्ली, गुरुवार, 18 जून 2026। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ...
