हरियाणा कांग्रेस प्रमुख की प्रधानमंत्री से राहत पैकेज की मांग
चरखी दादरी, सोमवार, 13 जुलाई 2026। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके प्रस्तावित दौरे के दौरान राज्य के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया। राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा इस समय ऐसे संकट के दौर से गुजर रहा है, जिससे किसान, मजदूर, कर्मचारी, छात्र और युवा प्रभावित हैं। चरखी दादरी जिला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल धनखड़ के पिता दिवंगत सत्यवान धनखड़ को श्रद्धांजलि देने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्र सरकार को राज्य के लिए वित्तीय राहत देनी चाहिए।
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि हरियाणा में अपराध बढ़ रहे हैं तथा निर्वाचित प्रतिनिधि भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नीत राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं के कारण हरियाणा और पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट का सामना कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में पेपर लीक की करीब 100 घटनाएं हुई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि देशभर में 21 मेधावी छात्रों ने आत्महत्या की, जिनमें हरियाणा का एक छात्र भी शामिल है।
उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की और कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है। उन्होंने मौजूदा ट्रस्ट को भंग करने, संतों और धार्मिक नेताओं को शामिल कर नया ट्रस्ट बनाने तथा इस मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
