कारगिल में बादल फटने और भारी बारिश से अचानक आई बाढ़, सड़क संपर्क बाधित
कारगिल, सोमवार, 03 अगस्त 2026। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण कारगिल क्षेत्र के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा, सड़क संपर्क बाधित हो गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम कारगिल जिले के हरदास और तुमैल गांवों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे रिहायशी इलाकों में पानी भर गया तथा सड़कों और अन्य सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। अचानक आई बाढ़ के कारण सेना, पुलिस तथा नागरिक प्रशासन को राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे तथा नुकसान का आकलन करने और राहत अभियान शुरू करने में जुट गए। सेना ने कहा कि हरदास के गुंड इलाके में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से सड़क संपर्क टूट गया और कई लोग फंस गए। इसके बाद ‘फॉरएवर इन ऑपरेशंस’ डिवीजन के जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा प्रतिकूल मौसम के बीच पेयजल, आवश्यक सामग्री और भोजन वितरित किया।
उन्होंने बताया कि एक अन्य क्षेत्र में सेना ने नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर मलबा हटाने तथा सड़कों, जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था बहाल करने में सहायता की, ताकि प्रभावित गांवों में राहत कार्य सुचारु रूप से चल सके। पुलिस ने बताया कि शनिवार को मिनामार्ग के निकट मीना-2 क्षेत्र में बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ, जिससे करीब 20 लोगों वाले बकरवाल परिवारों के चार अस्थायी आश्रय प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि मिनामार्ग पुलिस चौकी के कर्मियों ने राहत अभियान चलाकर सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में एक कार बह गई, हालांकि उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन और मलबा आने के कारण द्रास-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और मार्ग बहाल करने का काम जारी है। पुलिस ने यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मौसम सामान्य होने तक उफनते नालों, जलधाराओं तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों को पार नहीं करने की सलाह दी है। अधिकारियों ने बताया कि द्रास के उपायुक्त इम्तियाज काचो ने मटायेन और पंद्रास गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, विकास संबंधी आवश्यकताओं की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
Similar Post
-
कॉजपा ने झारखंड में परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया
रांची, सोमवार, 03 अगस्त 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने झारखं ...
-
एमएसएमई के निशुल्क पंजीकरण के लिए डिजिटल प्लेटफार्म अधिसूचित होगा, विधेयक राज्यसभा में पारित
नई दिल्ली, सोमवार, 03 अगस्त 2026। राज्यसभा में सोमवार को सूक्ष् ...
-
ईडी अधिकारियों पर हमले का मामला: केरल उच्च न्यायालय ने कई आरोपियों को दी जमानत
कोच्चि, सोमवार, 03 अगस्त 2026। केरल उच्च न्यायालय ने इस वर्ष मई म ...
