मध्यप्रदेश के भिंड में ट्रक और ‘डंपर’ की टक्कर में आठ मज़दूरों की मौत, 32 घायल
भिंड/लखीमपुर खीरी (उप्र), मंगलवार, 18 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार तड़के एक गाड़ी (ट्रक) के ‘डंपर’ (एक प्रकार का मालवाहक वाहन) से टकराने से आठ मजदूरों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिमका गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ।
पुलिस ने बताया कि ये मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद इस गाड़ी से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में अपने गांव लौट रहे थे। गोहद चौराहा के थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजमार्ग पर बैठे मवेशियों से बचने की कोशिश में चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। यादव के मुताबिक ऐसे में गाड़ी गलत दिशा में चली गयी और सामने से आ रहे ‘डंपर’ से उसकी सीधी टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई मजदूर उसमें फंस गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में 32 अन्य मजदूर घायल हुए हैं। यादव ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को गोहद के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आगे के इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया।
लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतकों में छह की पहचान हो गयी है। उन्होंने कहा कि ये लोग मोहम्मदी क्षेत्र के बेला तुरसिया गांव के निवासी उपदेश, अमर सिंह, सुखदेव और रजनीश थे तथा उनकी उम्र 30 से 45 वर्ष के बीच थी। गर्ग के अनुसार अन्य मृतकों की पहचान हरना नेओली गांव के सुभाष (30) और पसगवा क्षेत्र के किशनपुर अजीत गांव गांव के गुड्डू (45) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
मोहम्मदी के थाना प्रभारी उमेश चौरसिया ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिवार के कुछ सदस्य दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि भिंड में हुआ दुर्भाग्यपूर्ण हादसा अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को मध्यप्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर उत्तर प्रदेश के मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जिलों तक पहुंचाने और उनके परिवारों को सौंपने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने को भी कहा।
Similar Post
-
पंजाब में बीएसएफ की कार्रवाई में दो संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिये मारे गये
जालंधर, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीम ...
-
केरल कांग्रेस (जे) को सरकार में पी. जे. जोसेफ को उचित सम्मान मिलने की उम्मीद : मॉन्स जोसेफ
कोट्टायम, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। केरलम सरकार में जल संसाध ...
-
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान के बीच दिल्ली मेट्रो ने 12 स्टेशन बंद किए गए
नई दिल्ली, शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026। आम आदमी पार्टी (आप) और कुछ छ ...
