माय भारत पोर्टल से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए आउटरीच बढ़ाएं- मुख्य सचिव

img

  • माय भारत पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित

जयपुर, बुधवार, 09 सितंबर 2026। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को शासन सचिवालय में केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय  के ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश में युवाओं के पंजीकरण की स्थिति, यूथ आइकॉन की आउटरीच तथा युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की ।

बैठक के दौरान विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। माय भारत के राज्य निदेशक श्री देवेंद्र व्यास ने बताया कि VBYLD के प्रथम चरण में माय भारत पोर्टल पर क्विज जारी है, जिसमें राजस्थान के 60 हजार युवा अभी तक क्विज अटेम्प्ट कर चुके हैं और इस मामले में देश में राजस्थान तीसरे स्थान पर है। क्विज में अव्वल आने वाले प्रतिभागी निबंध चरण में भाग लेंगे। VBYLD में इस प्रकार के कुल 6 ट्रैक आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अव्वल रहने वाले प्रतिभागी अंततः 10 से 12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्य सचिव ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए इसकी प्रगति को बढ़ाने के निर्देश दिए और अभी तक क्विज के लक्ष्य में 15% से कम लक्ष्य प्राप्ति करने वाले जिला कलेक्टर को बेहतर प्रगति हेतु निर्देशित करने के लिए आदेश दिये। बैठक में VBYLD का पोस्टर राज्य स्तर पर लॉन्च किया गया और सभी विभागों को VBYLD में क्विज अटेम्प्ट बढ़ाने हेतु निर्देशित किया गया।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि यूथ आइकॉन की आउटरीच को व्यापक बनाया जाए ताकि अधिक से अधिक युवा माय भारत अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने यूथ आइकॉन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता ने कहा कि MY Bharat पोर्टल के तहत प्रदेश में युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए विभिन्न अभियानों का सफल संचालन किया जा रहा है। पोर्टल पर राजस्थान में अब तक कुल 22,59,929 युवाओं का पंजीकरण हो चुके हैं, जो देश भर के कुल पंजीकरणों का 8.25% है। बैठक में कौशल एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री संदीप वर्मा, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement