दिल्ली में 2101 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद, तीन लोग पकड़े
नई दिल्ली, शनिवार, 03 अक्टूबर 2026। दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी दिल्ली स्थित एक गोदाम और दो वाहनों से 2101 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए और इस सिलसिले में तीन लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि अर्बन एक्सटेंशन रोड-दो (यूईआर-दो) के रास्ते हरियाणा से दिल्ली में पटाखों की एक बड़ी खेप ले जाए जाने के संबंध में मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसने एक अक्टूबर को बवाना में दो टेम्पो वाहनों को रोका। पुलिस ने बताया कि वाहनों में 1350 किलोग्राम पटाखे रखे हुए थे। दोनों वाहन चालकों को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने अलीपुर में एक अतिरिक्त गोदाम का पता लगाया, जहां से अन्य 751 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक गोदाम में तिलक नगर निवासी मनोज कुमार (34) नामक व्यक्ति मिला जिसे पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिंदापुर, उत्तम नगर निवासी अमित गुप्ता (42) और बिंदापुर निवासी सुनील (42) के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर दोनों टेम्पो वाहनों को चला रहे थे। इनके अलावा मनोज कुमार को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दो अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि जांच और सबूतों के आधार पर संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Similar Post
-
चक्रवात का खतरा: ओडिशा ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम जल्द शुरू करने का दिया निर्देश
भुवनेश्वर, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ग ...
-
एनआईए ने मिजोरम में 236 किलो से अधिक मेथामफेटामीन की जब्ती मामले में एक और आरोपी को पकड़ा
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (ए ...
-
कुलगाम मुठभेड़ में लतीफ भट समेत 2 लश्कर आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले ...
