संसदीय समितियों का पुनर्गठन, तृणमूल ने दो की अध्यक्षता गंवाई

img

नई दिल्ली, शनिवार, 03 अक्टूबर 2026। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को अपने सांसदों की बगावत और पार्टी में टूट के चलते दो प्रमुख संसदीय समितियों की अध्यक्षता गंवानी पड़ी है। राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को विभिन्न विभागों से संबंधित संसदीय स्थायी समितियों का पुनर्गठन किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुधांशु त्रिवेदी को वाणिज्य संबंधी संसदीय समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने तृणमूल की डोला सेन का स्थान लिया है। तृणमूल के बागी धड़े की नेता काकोली घोष दस्तीदार को रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने अपने पूर्व पार्टी सहयोगी कीर्ति आजाद का स्थान लिया है। द्रमुक के सांसद तिरुचि शिवा और के कनिमोझी को क्रमश: उद्योग तथा खाद्य, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण संबंधी संसदीय समितियों के अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है।

भाजपा के कुछ प्रमुख सहयोगी दलों जनता दल (यूनाइटेड), शिवसेना और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेताओं को भी विभिन्न संसदीय समितियों के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। कांग्रेस के शशि थरूर और चरणजीत सिंह चन्नी सहित कुछ विपक्षी नेताओं को भी क्रमश: विदेश मामलों और कृषि संबंधी समितियों के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। कांग्रेस के मुकुल वासनिक को शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसदीय समिति का अध्यक्ष बनाए रखा गया है, जबकि समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। भाजपा के राधा मोहन सिंह रक्षा संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष होंगे।

जद(यू) के संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है, जबकि शिवसेना के श्रीरंग अप्पा बारणे ऊर्जा संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार हैं। भाजपा के सुजीत कुमार ने अपनी पार्टी के सांसद बृज लाल का स्थान लेते हुए कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय संबंधी संसदीय समिति की अध्यक्षता संभाली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया गया है, जबकि भाजपा के राजीव प्रताप रूडी जल संसाधन संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे।

भाजपा के भर्तृहरि महताब वित्त संबंधी समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी राधामोहन दास अग्रवाल को गृह मामलों संबंधी समिति के अध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है। भाजपा के निशिकांत दुबे को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र से पार्टी सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी समिति की अध्यक्षता पर बरकरार रखा गया है। भाजपा के सुधीर गुप्ता ने पार्टी के ही सी एम रमेश का स्थान लेते हुए रेल संबंधी संसदीय समिति की अध्यक्षता संभाली है। कांग्रेस के सप्तगिरि शंकर उलाका को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संबंधी समिति का अध्यक्ष फिर से नियुक्त किया गया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement