भाजपा सरकार के जनहितैषी काम से घबराई : पंजाब आप ने सीबीआई छापों पर कहा

img

चंडीगढ़, बुधवार, 07 अक्टूबर 2026। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है क्योंकि वह भगवंत मान सरकार के ‘‘जनहितैषी’’ कामों से घबरा गई है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) और अन्य अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया तथा मान के ‘‘कैंप कार्यालय’’ समेत कई स्थानों पर छापे मारे।

उच्च न्यायालय ने इससे पहले केंद्रीय एजेंसी को जांच का निर्देश देते हुए कहा था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा साझा की गई सामग्री से प्रथम दृष्टया अधिकारियों के भ्रष्टाचार में शामिल होने का संकेत मिलता है। पंजाब आप के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने सीबीआई की कार्रवाई की निंदा की। धालीवाल ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल भाजपा की शाखा सीबीआई ने कुछ स्थानों पर छापे मारे और उसे कुछ नहीं मिला। सीबीआई खाली हाथ लौट गई।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मान सरकार को बदनाम करने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।

धालीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और वे ‘‘दबाव में नहीं आएंगे।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि मान को उनके ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रमों के दौरान लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। सीबीआई ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और अन्य आरोपियों से जुड़े चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आठ स्थानों पर तलाशी ली थी। सीबीआई के अनुसार, उसने घुम्मन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आर. एस. नागरा को भी आरोपी बनाया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement