निर्वाचन आयोग के मामले पर राष्ट्रपति से रात आठ बजे मिलेंगे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितता और ‘वोट चोरी’ के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार रात आठ बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से मुलाकात के लिए रात आठ बजे का समय दिए जाने की जानकारी शुक्रवार सुबह दी गई।
राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए जाने वाले विपक्षी प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि नेता शाम पांच बजे संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पहले बैठक करेंगे और इसके बाद 'वोट चोरी' के खिलाफ एक बार फिर प्रदर्शन कर सकते हैं। पहले यह बैठक दिन में तीन बजे प्रस्तावित थी, लेकिन राष्ट्रपति से मिलने का समय मिलने के बाद इसमें बदलाव किया गया।
विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए सबसे पहले दो अक्टूबर को अनुरोध भेजा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। इसके अनुरूप गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था। ‘इंडिया’ गठबंधन ने पिछले सप्ताह एसआईआर के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था। विपक्षी दल पिछले चार दिनों से अलग-अलग तरीकों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
Similar Post
-
चक्रवात का खतरा: ओडिशा ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम जल्द शुरू करने का दिया निर्देश
भुवनेश्वर, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ग ...
-
एनआईए ने मिजोरम में 236 किलो से अधिक मेथामफेटामीन की जब्ती मामले में एक और आरोपी को पकड़ा
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (ए ...
-
कुलगाम मुठभेड़ में लतीफ भट समेत 2 लश्कर आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले ...
