जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादी ठिकाने का पर्दाफाश; एके-47 और छह हथगोले बरामद

img

जम्मू, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में मंगलवार को एक गुफा के भीतर बने संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने का पर्दाफाश किया गया और वहां से एक स्वचालित राइफल, छह हथगोले और कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस द्वारा सथराबाण के जंगलों में चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि मौके से एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, 30 कारतूस, छह हथगोले और कुछ दवाइयां बरामद की गई हैं। अभियान के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उधमपुर और कठुआ जिलों में फैले क्रमश: मजालता व बिलावर के ऊपरी इलाकों में तलाश अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि उधमपुर के मजालता स्थित सोआन, खुबान, चोर व नागण तथा कठुआ जिले के सदरौता, भेड व बलोर के वन क्षेत्रों में सोमवार शाम से सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि एक अलग मामले में पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में मंगलवार सुबह सेना के जवानों ने सीमा से सटी बाड़ के पास जंग लगी दो बारूदी सुरंगों का पता लगाया। उन्होंने बताया कि ये बारूदी सुरंगें ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान दिखाई दी थीं, जिन्हें बाद में सेना के विशेषज्ञों द्वारा नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना द्वारा इस क्षेत्र में 12 से अधिक बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement