रामायणम में जटायु के किरदार की एंट्री, अनुपम खेर देंगे आवाज
नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायणम् के निर्माताओं ने जटायु का नया पोस्टर जारी किया है। धर्म, साहस और बलिदान के प्रतीक जटायु के किरदार को अभिनेता अनुपम खेर अपनी आवाज देंगे। फिल्म का पहला भाग पांच नवंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। निर्माताओं की ओर से जारी पोस्टर में जटायु का प्रभावशाली रूप देखने को मिल रहा है। पोस्टर में उनकी गहरी नजरों और विशाल पंखों को दर्शाया गया है। धर्म के पंख शीर्षक वाला यह पोस्टर जटायु के साहस, दृढ़ संकल्प और सत्य के पक्ष में खड़े होने के उनके अटूट विश्वास को रेखांकित करता है। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि जब अधर्म ने उड़ान भरी, तो साहस उसका सामना करने के लिए उठ खड़ा हुआ। जटायु ने विजय के लिए नहीं, बल्कि सही के पक्ष में युद्ध किया।
फिल्म में जटायु के किरदार को अनुपम खेर अपनी आवाज देंगे। रामायण में जटायु उस साहसी पक्षीराज के रूप में याद किए जाते हैं, जिन्होंने रावण द्वारा माता सीता का हरण किए जाने के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया था। रावण की अपार शक्ति के बावजूद उससे मुकाबला करने वाले जटायु का संघर्ष त्याग, निष्ठा और धर्म के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। फिल्म में अनुपम खेर की आवाज के जरिए इस पूजनीय पात्र के साहस और वीरता को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया है। दो भागों में बन रही इस महागाथा का पहला भाग पांच नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे आईमैक्स प्रारूप में भी प्रदर्शित किया जाएगा। सोनी पिक्चर्स भारत को छोडक़र दुनियाभर में फिल्म का वितरण करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में वितरण की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगा।
Similar Post
-
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद देवराहा बाबा पर बनेगी फिल्म ‘मचान बाबा’
नीम करौली बाबा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब स ...
-
रामायणम में जटायु के किरदार की एंट्री, अनुपम खेर देंगे आवाज
नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायणम् के निर्माताओं ने ज ...
