हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा: कांग्रेस
चंडीगढ़, बुधवार, 22 अक्टूबर 2026। कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल अधूरे वादों, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार से भरे रहे हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार ने लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के बाद अपने दो साल गत शनिवार को पूरे किए। प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को कहा था कि वह सरकार के दो साल के ‘‘कुशासन, अधूरे वादों और जनविरोधी नीतियों’’ को उजागर करेगी।
हरियाणा कांग्रेस प्रमुख राव नरेंद्र सिंह ने बुधवार को सिरसा में संवाददाताओं से बात की, जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली में और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने चंडीगढ़ में मीडिया को संबोधित किया। तीनों नेताओं ने भाजपा नीत हरियाणा सरकार की आलोचना की। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार को केवल दावे करने के बजाय अपने चुनावी वादों का तथ्यात्मक ब्योरा जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के दो साल पूरे होने के बाद भी राज्य के लोग अपराध, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती सार्वजनिक सेवाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने समाज के हर वर्ग से बड़े-बड़े वादे किए थे। अब सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कितने वादे पूरे किए गए हैं, कितने पर काम जारी है और बाकी वादों को पूरा करने के लिए क्या समयसीमा तय की गई है।’’
राव ने व्यापारियों से रंगदारी की मांग और उनके खिलाफ बंदूक हिंसा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, ‘‘जब व्यापारियों को डर के माहौल में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ता है और आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं, तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी से बचना नहीं चाहिए। इसके बजाय उसे ठोस कार्रवाई और उसके नतीजे दिखाने चाहिए।’’ राव ने कहा कि किसानों को धान और बाजरे की खरीद में दिक्कतों, मंडियों में कुप्रबंधन और फसल के भुगतान में देरी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि विरासत, खेल उपलब्धियों और सैन्य सेवा की गौरवशाली परंपरा के लिए पहचाने जाने वाले हरियाणा जैसे राज्य के युवाओं को स्थायी रोजगार और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए।
राव ने मतदाता सूचियों में कथित चोरी और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार को अपने दो साल के कार्यकाल पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, जिसमें हर वादे की मौजूदा स्थिति, उस पर खर्च की गई राशि, लाभार्थियों की संख्या और लंबित कार्यों को पूरा करने की समयसीमा का ब्योरा हो। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को प्रचार और राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जनता के सवालों के जवाब देने चाहिए।’’
हुड्डा ने भी अपने पार्टी सहयोगी द्वारा उठाई गई प्रशासन संबंधी चिंताओं का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने चुनावी वादों और वास्तविक प्रदर्शन का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता को ठोस नतीजे चाहिए। हुड्डा ने कहा कि सरकार को फसल खरीद, युवाओं के लिए रोजगार, सार्वजनिक संस्थानों की स्थिति और राज्य में वित्तीय एवं प्रशासनिक पारदर्शिता के बारे में स्पष्ट जवाब देने चाहिए। कांग्रेस की सिरसा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैलजा ने कहा कि महिलाओं को वित्तीय सहायता, मुफ्त चिकित्सा उपचार, रोजगार, आवास, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा से जुड़े चुनावी वादों की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रत्येक वादे के तहत लाभार्थियों की संख्या, बजट आवंटन और अब तक हुई प्रगति का ब्योरा जारी करना चाहिए।
Similar Post
-
हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा: कांग्रेस
चंडीगढ़, बुधवार, 22 अक्टूबर 2026। कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लग ...
-
नीमराना में सेना कल्याण आवास संगठन की आवासीय परियोजना के लिए भूमि आवंटन के संबंध में बैठक आयोजित
- मुख्य सचिव ने सेना के अधिकारियों को प्रस्तावित भूखंडों का मौ ...
-
मोदी सरकार जनविश्चास खो चुकी है, ‘एक्सपायरी’ नजदीक : कांग्रेस
नई दिल्ली, बुधवार, 22 अक्टूबर 2026। कांग्रेस ने ‘पीएम-दक्ष’ य ...
