तिरुवनंतपुरम में सर्राफा कारोबारी से 2.6 करोड़ रुपये मूल्य का दो किलो सोना छीना
तिरुवनंतपुरम, शुक्रवार, 14 नवम्बर 2026। केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम के चालई इलाके में दो अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी से करीब 2.6 करोड़ रुपये मूल्य का दो किलोग्राम सोना छीन लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजकर 35 मिनट की है। उस समय 50 वर्षीय कारोबारी नंदकुमार अपनी आभूषण की दुकान बंद करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर से घर लौट रहे थे। वह चालई से मराक्कडा रोड की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि हेलमेट पहने दो आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीछे से आए और नंदकुमार के पास मौजूद काले रंग का बैग छीनकर फरार हो गए जिसमें सेना था। पुलिस के मुताबिक, नीले रंग की चेक शर्ट पहने मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने कथित तौर पर बैग छीना। इसके बाद दोनों आरोपी पावर हाउस फ्लाईओवर से होते हुए थाकरापरम्बा की ओर भाग निकले। उसने बताया कि बैग पर ‘श्री मुरुगा चिट्टी फंड’ लिखा हुआ था। प्राथमिकी के अनुसार, छीने गए सोने की कीमत करीब 2.6 करोड़ रुपये है। इस मामले में फोर्ट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304 (झपटमारी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। नंदकुमार ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘घटना के समय मैं और मेरा बेटा दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। हम अलग-अलग वाहनों पर सवार थे। हो सकता है कि आरोपियों ने पहले से ही हम पर नजर रखी हो।’’ उन्होंने बताया कि एक मोटरसाइकिल उनके आगे चल रही थी, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग उनके पास आए और बैग छीनकर फरार हो गए। नंदकुमार के अनुसार, उनका परिवार अन्य सर्राफा कारोबारियों के लिए सोने के शोधन का काम भी करता है।
Similar Post
-
नेहरू की जयंती पर पुष्पांजलि समारोह में केंद्रीय मंत्रियों की गैरमौजूदगी पर ओब्रायन ने उठाए सवाल
नई दिल्ली, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ ने ...
-
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पराली जलाने पर 46 किसानों पर जुर्माना
महाराजगंज (उप्र), शनिवार, 14 नवम्बर 2026। महाराजगंज जिले की निचल ...
-
पुरी ने मप्र से निर्वाचित होने के बाद उप्र राज्यसभा सीट से इस्तीफा दिया
नई दिल्ली, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह प ...
