आईआईटी ने पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के दौरान तीव्रता का आकलन करने का तरीका विकसित किया

img

नई दिल्ली, बुधवार, 25 नवम्बर 2026। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने पूर्वोत्तर भारत में भूकंप के दौरान तीव्रता का आकलन करने का एक तरीका विकसित किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अध्ययन टीम ने पिछले 1,200 वर्षों के दौरान आए भूकंपों से जुड़ी जानकारी जुटाकर एक सूची तैयार की है, जिसमें करीब 6,000 भूकंपों का रिकॉर्ड शामिल है। इस अध्ययन के निष्कर्ष शोध पत्रिका ‘जर्नल ऑफ सीस्मोलॉजी’ में प्रकाशित हुए हैं। पूर्वोत्तर भारत दो टेक्टोनिक प्लेट की सीमाओं के बीच स्थित है। इस क्षेत्र में शिलांग का पठार और कई भूगर्भीय फॉल्ट भी हैं, जिसके कारण यहां भूकंप आने का खतरा अधिक रहता है। वर्ष 1897 में शिलांग और 1950 में असम में आए भूकंपों ने इस क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी।

सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अभिषेक कुमार के अनुसार, इमारतों, पुलों और अन्य संरचनाओं का डिजाइन तैयार करने वाले इंजीनियरों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे भूकंप के झटकों को सहन कर सकें। भूकंप के दौरान तीव्रता का आकलन करने की प्रक्रिया को भूकंपीय खतरे का आकलन कहा जाता है। कुमार ने कहा, ‘‘भूकंपीय खतरे का आकलन करने के तरीकों में पिछले भूकंपों और भूगर्भीय फॉल्ट से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर यह अनुमान लगाया जाता है कि भविष्य में भूकंप आने पर कितनी तीव्रता हो सकती है। हालांकि, इस तरीके में दो समस्याएं हैं। पहली, इस क्षेत्र में भूकंप की गतिविधियां एक समान नहीं हैं। कुछ हिस्सों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक तीव्र भूकंपीय गतिविधियां होती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी समस्या यह है कि अतीत में आधुनिक मापन उपकरणों की कमी के कारण ऐतिहासिक आंकड़े हमेशा सटीक नहीं होते। हमने ‘कर्नेल डेंसिटी एस्टीमेशन’ नामक गणितीय तकनीक का इस्तेमाल किया, जो भूकंप आने की स्थानीय भिन्नताओं को ध्यान में रखती है। हमने भूगर्भीय फॉल्ट की दिशा को भी ध्यान में रखा, क्योंकि अन्य क्षेत्रों की तुलना में फॉल्ट के आसपास भूकंपीय गतिविधियां होने की आशंका अधिक रहती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी विधि से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि भविष्य में भूकंप आने पर जमीन कितनी तीव्रता से हिल सकती है। मिट्टी की संरचना जैसे किसी विशेष स्थान से जुड़े आकलनों के साथ इस जानकारी से इंजीनियरों और निर्माण विशेषज्ञों को भूकंपरोधी इमारतों और अन्य संरचनाओं का डिजाइन तैयार करने में मदद मिल सकती है।’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement