गुटबाजी की चर्चाओं के बीच केपीसीसी प्रमुख ने राहुल गांधी और खरगे से मिलने का समय मांगा

img

तिरुवनंतपुरम, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने केरलम में संगठन के भीतर बढ़ते असंतोष और पार्टी नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के बीच शुक्रवार को राहुल गांधी सहित कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात का समय मांगा। एक आधिकारिक बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली में मौजूद जोसेफ ने कहा कि उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव के. सी. वेणुगोपाल और राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात का समय मांगा है। राहुल गांधी अभी अपना दौरा समाप्त करके लौटे हैं। मुझे पता चला है कि खरगे भी बृहस्पतिवार को यहां नहीं थे। मैंने उनसे और वेणुगोपाल से मिलने का समय मांगा है।’’ हालांकि, जोसेफ ने पार्टी में जारी बयानबाजी और राज्य में विभिन्न नेताओं के समर्थन में लगाए जा रहे फ्लेक्स बोर्ड के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इन घटनाक्रमों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘मैं अभी दिल्ली में हूं।’’

उन्होंने प्रस्तावित बैठकों के एजेंडे के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बताया, लेकिन पार्टी सूत्रों ने कहा कि जोसेफ राज्य इकाई में मौजूदा स्थिति पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा कर सकते हैं और संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध भी कर सकते है।

सूत्रों ने बताया कि जोसेफ के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में लौट रहे नेताओं को पार्टी में फिर से शामिल करने के लिए भी शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मांगने की संभावना है। इनमें दिवंगत के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल भी शामिल हैं।  जोसेफ की कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रस्तावित मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब बोर्ड और निगमों में नियुक्तियों में देरी को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में पार्टी सांसद शफी परंबिल के समर्थन में फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने का सिलसिला भी जारी है। ये बोर्ड कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन की ओर से परंबिल को निशाना बनाकर की गई टिप्पणियों के बीच सामने आए हैं। पार्टी में हाल के दिनों में आंतरिक मतभेद और गुटीय प्रतिद्वंद्विता खुलकर सामने आई है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा परंबिल के समर्थन में कथित तौर पर लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड बृहस्पतिवार को कन्नूर और पलक्कड़ जिलों में कई स्थानों पर दिखाई दिए। कोझिकोड जिले में भी ऐसे ही बोर्ड जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) कार्यालय, क्रिश्चियन कॉलेज जंक्शन और वडकरा के पास लगाए गए। दावा है कि ये बोर्ड युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए थे। हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि डीसीसी कार्यालय के पास लगा बोर्ड शुक्रवार सुबह तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हटा दिया गया था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement