धनशोधन मामले में ‘आप’ नेता को उच्चतम न्यायालय से तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत मिली

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दीपक सिंगला को 2018 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक शिकायत के संबंध में कथित तौर पर 155 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के मामले में तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सिंगला की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह की दलीलों पर गौर किया। सिंह ने कहा कि सिंगला छह महीने से अधिक समय से जेल में हैं और उनके परिवार में चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति है, क्योंकि उनके पिता का ‘‘उच्च जोखिम वाला लिवर प्रतिरोपण’’ हुआ है।

न्यायालय ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से कहा कि वह आज से दो सप्ताह के भीतर सिंगला की नियमित जमानत याचिका पर फैसला करे। पीठ ने कहा कि मुकदमे के दौरान अपराध की गंभीरता पर तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचा जा सकता है। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, ‘‘हमने मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं की है।’’ इसके साथ ही पीठ ने याचिका का निपटारा कर दिया। सिंगला की याचिका का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस. वी. राजू ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि बैंक से धोखाधड़ी कर हासिल किए गए 155 करोड़ रुपये उनके बैंक खातों में जमा पाए गए थे। विकास सिंह ने इस दलील का जवाब देते हुए कहा कि मामले के एक प्रमुख आरोपी अशोक कुमार मित्तल पहले ही जमानत पर बाहर हैं।

इस पर विधि अधिकारी ने कहा, ‘‘तो उन्हें भी 11 महीने तक जेल में रहने दीजिए।’’ वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने अब तक मामले में नियमित जमानत के अनुरोध वाली सिंगला की मुख्य याचिका पर सुनवाई नहीं की है। ‘आप’ नेता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में विश्वास नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। उन्होंने दिल्ली, गोवा और महाराष्ट्र में पार्टी के संगठनात्मक स्तर पर भी जिम्मेदारियां निभाई थीं। अधिवक्ता रजत भारद्वाज के माध्यम से दायर याचिका में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के जमानत देने से इनकार करने वाले आदेश को रद्द करने का अनुरोध किया गया है।

याचिका के अनुसार, ईडी ने मूल प्राथमिकी दर्ज होने के आठ साल बाद सिंगला को गिरफ्तार किया था। याचिका में दावा किया गया कि गिरफ्तारी के लिए कोई नया सबूत नहीं था और न ही निचली अदालत से अनुमति ली गई थी। सिंगला ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज करने के उच्च न्यायालय के नौ सितंबर के आदेश को चुनौती दी थी। याचिका में अपील लंबित रहने तक अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया गया था। इसमें कहा गया था कि सिंगला सीबीआई के मुख्य मामले में आरोपी नहीं थे। याचिका के मुताबिक, उनका नाम ईडी की 2019 की प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर), 20 जुलाई 2022 की अभियोजन शिकायत या एक सितंबर 2025 की पूरक शिकायत में भी शामिल नहीं था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement