हिंद महासागर क्षेत्र के देश आपसी सहयोग को और मजबूत करें: जयशंकर
नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और संपर्क के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है और इस क्षेत्र के सभी तटीय देशों को अपने लोगों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर ‘‘सार्थक सहयोग’’ की दिशा में काम करना चाहिए। जयशंकर ने ‘हिंद महासागर रिम एसोसिएशन’ (आईओआरए) के मंत्रिस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण ‘‘भू-राजनीतिक बदलावों’’ के दौर में इस संगठन को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करनी चाहिए और एक क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाना चाहिए।
भारत ने आईओआरए के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में नयी दिल्ली में इस सम्मेलन की मेजबानी की। इस संगठन में ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, तंजानिया, मोजाम्बिक, सोमालिया, ओमान, यमन, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड सहित 23 देश शामिल हैं। जयशंकर ने बैठक में कहा, ‘‘हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से काफी महत्व रखता है। यह अपार विविधता, अवसरों और साझा चुनौतियों वाला क्षेत्र भी है।’’
उन्होंने कहा कि आईओआरए के प्रति भारत का दृष्टिकोण और संगठन की अध्यक्षता के दौरान भारत की प्राथमिकताएं ‘महासागर’ दृष्टिकोण से निर्देशित हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल मार्च में मॉरीशस की यात्रा के दौरान ग्लोबल साउथ के साथ भारत के जुड़ाव के लिए ‘महासागर’ दृष्टिकोण की घोषणा की थी। इसका पूरा नाम ‘म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन’ (विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) है।
जयशंकर ने कहा कि आईओआरए के लिए भारत की थीम- ‘हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ इस विश्वास को दर्शाती है कि संगठन को विभिन्न चुनौतियों के प्रति संवेदनशील और उनके अनुरूप ढलने में सक्षम बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में आईओआरए को अपनी सामूहिक आवाज मजबूत करनी चाहिए और एक क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका को सशक्त बनाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक सहयोग और व्यावहारिक सहयोग पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।’’
Similar Post
-
हिंद महासागर क्षेत्र के देश आपसी सहयोग को और मजबूत करें: जयशंकर
नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने श ...
-
मीडिया के लिए खोला गया अरविंद केजरीवाल का पूर्व बंगला
नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्र ...
-
एसआईआर: न्यायालय बंगाल के छह और नगर निकायों से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई को सहमत
नई दिल्ली, शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026। उच्च्तम न्यायालय कोलकाता न ...
