जम्मू में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी ढेर

जम्मू, बुधवार, 28 दिसम्बर 2022। जम्मू के सिधरा इलाके में बुधवार को सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में भारी हथियारों से लैस चार आतंकवादी मारे गए। पुलिस के एक अधिकारी ने इसे गणतंत्र दिवस से पहले एक ‘‘बड़ी सफलता’’ बताया। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट सिधरा बाईपास इलाके में तवी पुल के पास घने कोहरे के बीच सुबह करीब साढ़े सात बजे मुठभेड़ शुरू हुई। सेना के टाइगर डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल गौरव गौतम के साथ मौजूद सिंह ने मुठभेड़ स्थल पर पत्रकारों को बताया कि ट्रक से चार आतंकवादियों के शव बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ मारे गए आतंकवादियों के पास से सात एके राइफल, एक एम4 राइफल, तीन पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।’’ एडीजीपी ने कहा, ‘‘ कश्मीर की ओर जा रहे एक ट्रक के संदिग्ध प्रतीत होने पर उसका पीछा किया गया और सिधरा नाके के पास रोका गया। तभी उसका चालक शौच जाने के बहाने भाग निकला।’’ सिंह ने बताया कि पुलिस ट्रक की तलाशी शुरू कर ही रही थी, तभी अंदर से गोलीबारी शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान ट्रक में आग लग गई। उन्होंने कहा कि आतंकवादी भारी हथियारों से लैस थे और कश्मीर की ओर जा रहे थे जब उन्हें रोका गया। ट्रक चालक की तलाश जारी है।
एडीजीपी ने कहा, ‘‘ आतंकवादियों की पहचान करने की कोशिश जारी है और वे किस संगठन से संबद्ध थे यह भी पता लगाया जा रहा है।’’ पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि अभी तक तीन आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा था, ‘‘ यह संख्या अधिक हो सकती है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या आतंकवादी सीमा पार से आए थे और ट्रक चालक उन्हें कश्मीर ले जा रहा था, उन्होंने कहा कि इस संबंध में जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच 45 मिनट से अधिक समय तक मुठभेड़ चली। इस दौरान ग्रेनेड फेंके जाने के कारण कई विस्फोट भी हुए। भूसी से लदे ट्रक से धुआं निकलता देखा गया, जो मुठभेड़ में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।


Similar Post
-
दिल्ली विधानसभा चुनाव: आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के 1,090 से अधिक मामले दर्ज किए गए
नई दिल्ली, गुरुवार, 06 फ़रवरी 2025। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मे ...
-
अमेरिका से लौटे अप्रवासियों के मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही स्थगित
नई दिल्ली, गुरुवार, 06 फ़रवरी 2025। अमेरिका से लौटे अप्रवासियों ...
-
राष्ट्रपति मुर्मू अगले सप्ताह झारखंड की दो दिवसीय यात्रा करेंगी
रांची, गुरुवार, 06 फ़रवरी 2025। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले ...